Home / क्राइम / सितारगंज में STF की बड़ी कार्रवाई, हाथी दांत के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

सितारगंज में STF की बड़ी कार्रवाई, हाथी दांत के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

उत्तराखंड में वन्यजीव तस्करी पर रोक लगाने के लिए उत्तराखंड एसटीएफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के निर्देश पर राज्यभर में वन्यजीव अपराधों और अवैध तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में कुमाऊं STF यूनिट ने देर रात सितारगंज क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से करीब 3 फीट 3 इंच लंबा, 13 इंच गोलाई और लगभग 7.82 किलो वजनी हाथी दांत बरामद किया गया।

एसएसपी STF अजय सिंह ने बताया कि टीम को सूचना मिली थी कि क्षेत्र में हाथी दांत और अन्य वन्यजीव अंगों की तस्करी हो रही है। इस सूचना को स्थानीय स्तर पर पुख्ता करने के बाद STF और वन विभाग की संयुक्त टीम ने बराकोली वन रेंज, कल्याणपुर में चेकिंग अभियान चलाया, जहां दोनों आरोपियों को पकड़ लिया गया।

बरामद हाथी दांत वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की पहली अनुसूची में शामिल है, जिसके तहत इसका शिकार और व्यापार गंभीर अपराध माना जाता है। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।

पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर STF अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि इस गिरोह में और लोग शामिल पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मर्तुंजय हलदार (32 वर्ष) और माणिक मंडल (35 वर्ष) के रूप में हुई है, जो सितारगंज क्षेत्र के निवासी हैं। उनके पास से एक बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।

एसटीएफ ने आम जनता से अपील की है कि वन्यजीव तस्करी जैसी गतिविधियों की जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन या STF को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *