उत्तराखंड की राजनीति में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपने रुख के स्पष्ट संकेत देने शुरू कर दिए हैं। पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व की ओर से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यों की लगातार सराहना किए जाने के बीच अब यह माना जा रहा है कि भाजपा वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव उनके नेतृत्व में ही लड़ सकती है।
हाल ही में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने एक मीडिया साक्षात्कार के दौरान मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व और राज्य सरकार के कार्यों की खुलकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में धामी सरकार ने विकास, सुशासन और पारदर्शिता को प्राथमिकता देते हुए कई महत्वपूर्ण पहल की हैं। उनके अनुसार सरकार ने दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के साथ-साथ आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर भी विशेष ध्यान दिया है।
भाजपा नेतृत्व का मानना है कि मुख्यमंत्री धामी ने कम समय में राज्य में प्रशासनिक सुधारों और विकास परियोजनाओं को गति दी है। पार्टी का दावा है कि सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और निवेश जैसे क्षेत्रों में सरकार के प्रयासों का सकारात्मक प्रभाव दिखाई दे रहा है। यही कारण है कि संगठन स्तर पर भी धामी के नेतृत्व को लेकर भरोसा लगातार मजबूत हुआ है।
राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माने जा रहे इस बयान में भाजपा अध्यक्ष ने यह संकेत भी दिया कि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी मुख्यमंत्री धामी को प्रमुख चेहरा बनाकर जनता के बीच जाएगी। इससे राज्य की राजनीतिक गतिविधियों में नई चर्चा शुरू हो गई है और चुनावी रणनीति को लेकर कई अटकलों पर विराम लगता दिखाई दे रहा है।
मुख्यमंत्री धामी को लेकर भाजपा के शीर्ष नेताओं का समर्थन पहले भी कई अवसरों पर सामने आ चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड के विभिन्न कार्यक्रमों में राज्य सरकार के कार्यों की सराहना की है। वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी सार्वजनिक मंचों से धामी के नेतृत्व और निर्णय क्षमता की प्रशंसा की थी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी राज्य सरकार की योजनाओं और नीतियों को जनहितकारी बताते हुए भाजपा के प्रदर्शन पर विश्वास जताया था।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि शीर्ष नेतृत्व से लगातार मिल रहे समर्थन ने मुख्यमंत्री धामी की स्थिति को और मजबूत किया है। ऐसे में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भाजपा संगठन विकास कार्यों और सरकार की उपलब्धियों को प्रमुख मुद्दा बनाकर जनता के बीच जाने की रणनीति पर काम कर रहा है।
हालांकि चुनाव में अभी समय है, लेकिन भाजपा नेतृत्व के हालिया संकेतों से यह स्पष्ट होता जा रहा है कि पार्टी उत्तराखंड में 2027 की चुनावी लड़ाई मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में ही लड़ने की दिशा में आगे बढ़ रही है।





