
उत्तराखंड में बारिश का दौर जारी, छह जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्टदेहरादून। उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय नजर आ रहा है। प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी है। देहरादून सहित कई इलाकों में अचानक हुई तेज वर्षा से सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है। पहाड़ों में भूस्खलन और मैदानी क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति देखने को मिल रही है।देहरादून में दिन की शुरुआत धूप के साथ हुई, लेकिन शाम होते ही मौसम ने करवट ली। इसके बाद शहर और आसपास के क्षेत्रों में तेज बारिश हुई, जो करीब दो से ढाई घंटे तक जारी रही। मालदेवता में 90 मिमी और सहस्रधारा क्षेत्र में करीब 70 मिमी बारिश दर्ज की गई।तेज बारिश के चलते कई सड़कों पर पानी जमा हो गया, जिससे लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, नदियों और बरसाती नालों का जलस्तर बढ़ने से निचले इलाकों में भी लोगों की चिंता बढ़ गई है।पहाड़ी क्षेत्रों में बढ़ी परेशानीलगातार बारिश के कारण पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन की घटनाएं सामने आ रही हैं। कई स्थानों पर मलबा आने से सड़क मार्ग प्रभावित हुए हैं। कोटद्वार में भी तेज बारिश दर्ज की गई, जबकि कुमाऊं मंडल के कई हिस्सों में बारिश का असर देखने को मिला।मौसम विभाग ने गुरुवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज और बौछारों की संभावना जताई है। कुछ क्षेत्रों में बारिश का दौर तेज भी हो सकता है।इन छह जिलों के लिए येलो अलर्टमौसम विभाग ने टिहरी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, नैनीताल, ऊधम सिंह नगर और देहरादून में कहीं-कहीं भारी बारिश की आशंका को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।इसके साथ ही प्रदेश के सभी जिलों में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और तेज बारिश की संभावना जताई गई है। ऐसे में पहाड़ी मार्गों पर यात्रा करने वाले लोगों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने और सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।



