देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने विभिन्न विकास योजनाओं और निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा तेज कर दी है। इसी क्रम में प्राधिकरण के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने बुधवार को अधिकारियों के साथ कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की स्थिति का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान सिटी फॉरेस्ट, आमवाला तरला आवासीय योजना, कालसी यमुना घाट, ट्रेंचिंग ग्राउंड तथा धौलास स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना परियोजना का अवलोकन किया गया। उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए और विकास कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए।सहस्त्रधारा रोड स्थित सिटी फॉरेस्ट के निरीक्षण के दौरान पार्क को और अधिक आकर्षक एवं पर्यटक-अनुकूल बनाने पर जोर दिया गया। इसके तहत पुराने ट्री हाउस के पुनरुद्धार, हरित क्षेत्र के विस्तार, पुष्प रोपण, नदी किनारे सौंदर्यीकरण तथा अन्य सुविधाओं को विकसित करने के सुझाव दिए गए। अधिकारियों ने बताया कि परिसर में स्थापित सौर ऊर्जा संयंत्र से ऊर्जा खर्च में उल्लेखनीय कमी आई है।आमवाला तरला आवासीय योजना का निरीक्षण करते हुए उपाध्यक्ष ने लाभार्थियों को जल्द आवास उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही आवासीय परिसर में पार्किंग, जल निकासी और हरित क्षेत्र को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान देने को कहा।वहीं ट्रेंचिंग ग्राउंड के निरीक्षण के दौरान ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और उसके पुनः उपयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई। इस संबंध में नगर निगम और अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर एक प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने की बात कही गई।कालसी में यमुना नदी तट पर विकसित किए जा रहे घाट का निरीक्षण करते हुए निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। उपाध्यक्ष ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी कार्यों को जल्द पूरा करने तथा क्षेत्र के सौंदर्यीकरण पर विशेष फोकस करने के निर्देश दिए।धौलास स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना परियोजना के दौरान अधिकारियों ने बताया कि कई आवासीय टावरों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। उपाध्यक्ष ने पात्र लाभार्थियों को शीघ्र आवास उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के बाद बंशीधर तिवारी ने कहा कि एमडीडीए प्रदेश में सुनियोजित शहरी विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाओं की नियमित निगरानी की जा रही है और अवैध निर्माण तथा अनधिकृत प्लॉटिंग के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि प्राधिकरण की सभी योजनाओं में नागरिक सुविधाओं, हरित क्षेत्रों, जल निकासी व्यवस्था और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि लोगों को बेहतर और सुव्यवस्थित शहरी वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
Home / गढ़वाल न्यूज़ / एमडीडीए ने विकास कार्यों को दी रफ्तार, सिटी फॉरेस्ट से आवासीय योजनाओं तक उपाध्यक्ष का मैराथन निरीक्षण
एमडीडीए ने विकास कार्यों को दी रफ्तार, सिटी फॉरेस्ट से आवासीय योजनाओं तक उपाध्यक्ष का मैराथन निरीक्षण
June 18, 2026
Previous ArticleNext Article



