केदारनाथ यात्रा में नियमों पर सख्ती, बिना पंजीकरण घोड़ा-खच्चर संचालन करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाईरुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम यात्रा को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने घोड़ा-खच्चर संचालन व्यवस्था को लेकर कड़े निर्देश जारी किए हैं। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कहा है कि यात्रा मार्ग पर केवल पंजीकृत संचालकों और हॉकरों को ही कार्य करने की अनुमति होगी। बिना पंजीकरण संचालन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।जिलाधिकारी ने सभी घोड़ा-खच्चर स्वामियों और संचालकों से कहा कि वे श्रद्धालुओं के साथ शिष्ट, सौम्य और सम्मानजनक व्यवहार करें। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु इन सेवाओं का उपयोग करते हैं, इसलिए यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।प्रशासन के अनुसार हाल के दिनों में कुछ मामलों में तीर्थ यात्रियों के साथ अनुचित व्यवहार की शिकायतें सामने आई थीं। इन शिकायतों पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई भी की गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में इस तरह की शिकायत मिलने पर और अधिक कठोर कदम उठाए जाएंगे।जिलाधिकारी ने सभी संचालकों को निर्देश दिए हैं कि उनके अधीन कार्य करने वाले प्रत्येक हॉकर का जिला पंचायत रुद्रप्रयाग की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अनिवार्य रूप से पंजीकरण कराया जाए। बिना पंजीकरण किसी भी व्यक्ति को केदारनाथ यात्रा मार्ग पर घोड़ा-खच्चर संचालन की अनुमति नहीं मिलेगी।उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वाले संचालकों और हॉकरों के खिलाफ ब्लैकलिस्टिंग, आर्थिक जुर्माना और अन्य कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में संबंधित संचालक और स्वामी स्वयं जिम्मेदार माने जाएंगे।जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने सभी संबंधित पक्षों से प्रशासन का सहयोग करने और यात्रा की गरिमा बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि केदारनाथ यात्रा बिना किसी व्यवधान के सफलतापूर्वक संचालित हो सके।
Home / गढ़वाल न्यूज़ / चारधाम यात्रा में सख्ती बढ़ी, पंजीकरण के बिना घोड़ा-खच्चर संचालन करने वालों पर होगी कार्रवाई
चारधाम यात्रा में सख्ती बढ़ी, पंजीकरण के बिना घोड़ा-खच्चर संचालन करने वालों पर होगी कार्रवाई
July 3, 2026
Previous ArticleNext Article



