
देहरादून: राजपुर रोड के जाखन क्षेत्र में अवैध निर्माण पर एमडीडीए की बड़ी कार्रवाई, तीन निर्माणाधीन डुप्लेक्स किए सीलदेहरादून के प्रतिष्ठित और वीआईपी क्षेत्र राजपुर रोड स्थित जाखन में मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माण के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए तीन निर्माणाधीन डुप्लेक्स भवनों को सील कर दिया। यह कार्रवाई बिना मानचित्र स्वीकृति के निर्माण कार्य किए जाने के मामले में की गई।प्राधिकरण के अनुसार, जाखन स्थित थापा निवास वाली गली में कपिल कपूर द्वारा आवश्यक अनुमति प्राप्त किए बिना तीन डुप्लेक्स भवनों का निर्माण कराया जा रहा था। इस संबंध में लगातार शिकायतें मिलने और विभागीय निरीक्षण के दौरान अनियमितताएं पाए जाने के बाद कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई।एमडीडीए अधिकारियों ने बताया कि भवन निर्माण शुरू करने से पहले मानचित्र स्वीकृत कराना अनिवार्य है, लेकिन संबंधित निर्माणकर्ता ने इस नियम का पालन नहीं किया। विभाग की ओर से कई बार नोटिस जारी कर निर्माण रोकने और आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए, फिर भी निर्माण कार्य जारी रखा गया।इसके बाद संयुक्त सचिव गौरव चटवाल के निर्देश पर विशेष टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। अवर अभियंता सचिन तोमर, अवर अभियंता उमेश वर्मा तथा क्षेत्रीय सुपरवाइजर की मौजूदगी में तीनों निर्माणाधीन डुप्लेक्स भवनों को सील कर दिया गया। साथ ही निर्माण स्थल पर कार्यरत श्रमिकों को बाहर निकालकर निर्माण गतिविधियां तत्काल बंद करा दी गईं।एमडीडीए ने स्पष्ट किया है कि सील किए गए भवनों के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ करने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।प्राधिकरण का कहना है कि शहर में अवैध निर्माण और भू-माफियाओं के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। नियोजित शहरी विकास में बाधा बनने वाले किसी भी निर्माण को नियमों के अनुसार कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि देहरादून में बिना स्वीकृत मानचित्र के किसी भी प्रकार का निर्माण स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संबंधित पक्ष को नियमों का पालन करने के लिए पर्याप्त अवसर दिए गए थे, लेकिन निर्देशों की अनदेखी की गई। उन्होंने दोहराया कि प्रभावशाली व्यक्ति होने के बावजूद कोई भी कानून से ऊपर नहीं है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भवन सील करने या ध्वस्तीकरण जैसी कार्रवाई की जाएगी।एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि जाखन में की गई कार्रवाई पूरी तरह नियमानुसार है। उन्होंने कहा कि बार-बार नोटिस दिए जाने के बावजूद निर्माण जारी रखना गंभीर उल्लंघन है। आने वाले समय में देहरादून के अन्य इलाकों में भी बिना मानचित्र स्वीकृति के हो रहे निर्माणों के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा।



