
देहरादून। न्यायालयों से जारी गैर-जमानती वारंटों की तामील को लेकर देहरादून पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने कार्रवाई करते हुए पिछले दो दिनों के दौरान 11 वारंटी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, न्यायालयों में विचाराधीन विभिन्न मामलों में लंबे समय से गैर-जमानती वारंट जारी थे। वारंटों की तामील के लिए संबंधित थाना पुलिस को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद पुलिस टीमों ने संभावित ठिकानों पर दबिश देकर आरोपियों को हिरासत में लिया।
इन वारंटियों की हुई गिरफ्तारी
पुलिस कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार किए गए वारंटियों में कांवली गांव निवासी दिलीप पुत्र दिनकर शामिल है। इसके अलावा जस्सोवाला निवासी धीरज ठाकुर (34 वर्ष) तथा टीचर्स कॉलोनी, सहसपुर निवासी हिमांशु बडोला (45 वर्ष) को भी गिरफ्तार किया गया।
सहसपुर क्षेत्र से विक्की कुमार (32 वर्ष) निवासी चोईबस्ती रामपुर कलां, देवेन्द्र थपलियाल (53 वर्ष) निवासी हाथीबड़कला, तथा खुशहालपुर निवासी आमिर खान (31 वर्ष) और फैसल (22 वर्ष) को पुलिस ने पकड़ा।
वहीं विकासनगर क्षेत्र में पुलिस ने मेहरबान उर्फ माठू (28 वर्ष), जुनैद खान (24 वर्ष) और बिलाल (30 वर्ष) को गिरफ्तार किया। इसके साथ ही ढकरानी निवासी सोनी (30 वर्ष) को भी वारंट की कार्रवाई के तहत हिरासत में लिया गया।
पुलिस का कहना है कि न्यायालयों से जारी गैर-जमानती वारंटों की तामील के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। फरार चल रहे वारंटियों की तलाश में पुलिस द्वारा उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।



