
देहरादून: उत्तराखंड की होनहार क्रिकेटर प्रेमा रावत ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम में जगह बनाकर पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है। उनकी इस बड़ी उपलब्धि पर क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड (सीएयू) ने 10 लाख रुपये की सम्मान राशि देने का फैसला किया है। यह निर्णय सीएयू की अपेक्स काउंसिल की बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया।ऑलराउंडर प्रेमा रावत का भारतीय महिला टीम में चयन उत्तराखंड क्रिकेट के इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। उनकी कामयाबी ने प्रदेश के युवा खिलाड़ियों, खासकर बेटियों के लिए नई प्रेरणा और उम्मीद की राह खोली है।सीएयू के अध्यक्ष दीपक मेहरा ने कहा कि प्रेमा रावत ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर राष्ट्रीय टीम में स्थान हासिल कर पूरे उत्तराखंड को गौरवान्वित किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि उनकी सफलता से प्रदेश के कई युवा खिलाड़ी खेलों में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित होंगे।दीपक मेहरा ने यह भी कहा कि क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रहा है, ताकि राज्य की प्रतिभाएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।वहीं, सीएयू की सचिव किरण रौतेला वर्मा ने भी प्रेमा रावत को भारतीय महिला क्रिकेट टीम में चयनित होने पर हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



