देहरादून में एलपीजी गैस की कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। जिला प्रशासन की क्यूआरटी टीम ने देर रात एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए भारी मात्रा में गैस सिलेंडर और उपकरण बरामद किए।
जानकारी के अनुसार निरंजनपुर सब्जी मंडी के पास स्थित एक बंद पेट्रोल पंप के कमरे में अवैध रूप से गैस सिलेंडरों की रिफिलिंग की जा रही थी। सूचना मिलने पर टीम ने रात करीब 12 बजे से सुबह 4 बजे तक छापेमारी की। इस दौरान मौके से कई गैस सिलेंडर और रिफिलिंग में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए।
छापेमारी में 27 घरेलू सिलेंडर, 4 छोटे सिलेंडर और 1 व्यावसायिक सिलेंडर जब्त किए गए। साथ ही एक वाहन भी पकड़ा गया जिसमें बड़ी संख्या में सिलेंडर लदे हुए थे। वाहन में कुल 327 गैस सिलेंडर पाए गए। कार्रवाई के दौरान वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इन सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग कर उन्हें अधिक दामों पर बेचने की योजना बनाई जा रही थी। यह न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि आम लोगों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करता है।
इस मामले में थाना पटेल नगर में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिले में गैस की कालाबाजारी या किसी भी तरह की अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। आगे भी इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे।






