चमोली में बारिश ने बढ़ाई मुश्किलें, नारायणबगड़ और गौचर में मलबे से नुकसानचमोली। मानसून की औपचारिक दस्तक से पहले ही जिले में भारी बारिश लोगों के लिए परेशानी का कारण बनने लगी है। गुरुवार देर रात नारायणबगड़ ब्लॉक मुख्यालय क्षेत्र में हुई तेज वर्षा के चलते जनजीवन प्रभावित हो गया। अतिवृष्टि के बाद पहाड़ी क्षेत्र से बहकर आया मलबा राजकीय इंटर कॉलेज परिसर और आसपास के इलाकों में फैल गया, जिससे काफी नुकसान हुआ।कॉलेज परिसर के पीछे स्थित जंगल क्षेत्र से पानी के साथ बड़ी मात्रा में मलबा नीचे आ गया। इंटर कॉलेज और अस्पताल के बीच बने नाले में अचानक जलप्रवाह बढ़ने से मलबा मुख्य मार्ग तक पहुंच गया और राष्ट्रीय राजमार्ग पर फैल गया। इसके चलते बाजार क्षेत्र की कई दुकानों में मलबा और गाद भर गई, जबकि कई दोपहिया एवं छोटे चारपहिया वाहन इसकी चपेट में आ गए।बारिश और मलबा आने के कारण रात के समय राजमार्ग पर यातायात भी बाधित रहा। सड़क बंद होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। हालांकि शुक्रवार सुबह सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की टीम ने जेसीबी मशीनों की मदद से सड़क से मलबा हटाकर यातायात को फिर से सुचारू कर दिया।उधर, गौचर क्षेत्र में भी भारी बारिश का असर देखने को मिला। बाजार में जलभराव की स्थिति बन गई और कई दुकानों के भीतर पानी व मलबा घुस गया। सुबह स्थानीय व्यापारी और दुकानदार अपनी दुकानों की सफाई करते नजर आए। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन और स्थानीय लोग सतर्कता बरत रहे हैं।
भारी बारिश से मची तबाही, स्कूल परिसर और दुकानों में घुसा मलबा, कई वाहन दबे
June 27, 2026
Previous ArticleNext Article



