देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने शहर के नियोजित विकास और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत बनाने की दिशा में अपनी गतिविधियों को और तेज कर दिया है। इसी क्रम में प्राधिकरण के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने विभिन्न विकास परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को कार्यों में गति लाने और निर्धारित समयसीमा का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान सिटी फॉरेस्ट, आमवाला तरला आवासीय योजना, कालसी घाट, ट्रेंचिंग ग्राउंड तथा धौलास स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया गया। उपाध्यक्ष ने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और जनहित सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।सहस्त्रधारा रोड स्थित सिटी फॉरेस्ट में पर्यावरण संरक्षण और पर्यटन आकर्षण बढ़ाने के उद्देश्य से कई नई पहल पर चर्चा की गई। पार्क में हरित क्षेत्र विस्तार, सौंदर्यीकरण और आगंतुक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही सौर ऊर्जा के प्रभावी उपयोग को भी सराहा गया, जिससे ऊर्जा खर्च में उल्लेखनीय कमी आई है।आमवाला तरला आवासीय योजना के निरीक्षण के दौरान लाभार्थियों को जल्द आवास उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को गति देने पर जोर दिया गया। इसके साथ ही परिसर में पार्किंग, जल निकासी और हरित क्षेत्र को और बेहतर बनाने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।वहीं ट्रेंचिंग ग्राउंड के निरीक्षण के दौरान ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाने और कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण एवं पुनः उपयोग की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया। इसके लिए संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्ययोजना तैयार करने पर बल दिया गया।कालसी क्षेत्र में यमुना तट पर विकसित किए जा रहे घाट की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए। श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा और सौंदर्यीकरण संबंधी व्यवस्थाओं को और मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।धौलास स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना परियोजना का निरीक्षण करते हुए उपाध्यक्ष ने निर्माण कार्यों की स्थिति का आकलन किया और पूर्ण हो चुके भवनों में पात्र लाभार्थियों को शीघ्र आवास उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू करने को कहा।उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि एमडीडीए केवल भवन निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, हरित ऊर्जा, आधुनिक शहरी सुविधाओं और सुव्यवस्थित विकास को लेकर भी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि सभी परियोजनाओं की नियमित समीक्षा की जा रही है और अवैध निर्माण एवं अनधिकृत प्लॉटिंग के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
एमडीडीए परियोजनाओं की समीक्षा अभियान तेज, उपाध्यक्ष ने किया स्थलीय निरीक्षण
June 19, 2026
Previous ArticleNext Article



