
पुरोला : विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर में 327 लोगों को मिला निःशुल्क उपचार, कई स्वास्थ्य जांचें भी हुईंउत्तरकाशी जिले के पुरोला स्थित उप जिला चिकित्सालय में स्वास्थ्य सेवा सप्ताह के अंतर्गत विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। यह शिविर “सेवा, सुशासन और समर्पण” की भावना के साथ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी.एस. रावत के निर्देशन तथा अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.सी. आर्य के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। शिविर में बड़ी संख्या में क्षेत्र के लोगों ने पहुंचकर विशेषज्ञ डॉक्टरों से स्वास्थ्य परामर्श लिया और विभिन्न निःशुल्क चिकित्सा सुविधाओं का लाभ उठाया।शिविर में रेडियोलॉजिस्ट डॉ. आर.सी. आर्य, अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. पंकज सिंह, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. आस्था रावत और ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. सोनम भंडारी सहित अन्य चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय सलाह एवं उपचार उपलब्ध कराया।स्वास्थ्य शिविर के दौरान कुल 327 मरीजों का परीक्षण किया गया। इनमें 31 लोगों की उच्च रक्तचाप, 15 मरीजों की मधुमेह, 24 गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच (एएनसी) तथा 19 महिलाओं की हीमोग्लोबिन जांच की गई। इसके अलावा 75 अल्ट्रासाउंड, 30 एक्स-रे किए गए, जबकि 21 पात्र व्यक्तियों के दिव्यांग प्रमाण-पत्र भी जारी किए गए।अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.सी. आर्य ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा सप्ताह का मुख्य उद्देश्य दूर-दराज के क्षेत्रों तक विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं पहुंचाना है, ताकि लोगों को समय पर बेहतर और निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने क्षेत्र के नागरिकों से भविष्य में आयोजित होने वाले ऐसे चिकित्सा शिविरों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की।



