Home / गढ़वाल न्यूज़ / एडीबी परियोजना के तहत चल रहे विकास कार्यों की जमीनी हकीकत परखी, अधिकारियों ने किया स्थलीय निरीक्षण

एडीबी परियोजना के तहत चल रहे विकास कार्यों की जमीनी हकीकत परखी, अधिकारियों ने किया स्थलीय निरीक्षण

कोटद्वार। विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खण्डूडी भूषण ने गुरुवार को एशियन डेवलपमेंट बैंक (एडीबी) की वित्तीय सहायता से संचालित पेयजल एवं आधारभूत ढांचा विकास परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वार्ड संख्या 4 से 26 तक विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने परियोजना से जुड़े अधिकारियों से कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली और निर्माण कार्यों को तय मानकों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल वर्तमान जरूरतों को पूरा करने के लिए नहीं, बल्कि आने वाले वर्षों में शहर की बढ़ती आबादी और आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार की गई है।उन्होंने कहा कि परियोजना पूरी होने के बाद कोटद्वार शहर की पेयजल व्यवस्था में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा। पुरानी और क्षतिग्रस्त पाइपलाइनों की समस्या का समाधान होगा, जल आपूर्ति अधिक सुचारु और नियमित बनेगी तथा पानी के अनावश्यक रिसाव और बर्बादी पर भी प्रभावी नियंत्रण लगेगा। इससे हजारों लोगों को बेहतर पेयजल सुविधाओं का सीधा लाभ मिलेगा।ऋतु खण्डूडी भूषण ने कहा कि शहर के समग्र विकास के लिए आधारभूत सुविधाओं को मजबूत बनाना आवश्यक है। इसलिए निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या मानकों से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों के दौरान आम जनता को कम से कम असुविधा हो और सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही परियोजना से जुड़े सभी कार्यों की नियमित निगरानी करते हुए तय समय सीमा के भीतर उन्हें पूरा किया जाए।निरीक्षण के दौरान परियोजना प्रबंधक जतिन सिंह सैनी, सहायक अभियंता सुमित कुमार, कनिष्ठ अभियंता विश्रुत, डीएससी मैनेजर नरेंद्र सिंह, ठेकेदार प्रतिनिधि दीपक व्यास, विधायक प्रतिनिधि महेश नेगी (मुन्ना फौजी), कमल नेगी, दीपक गौड़ सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।इस मौके पर अधिकारियों ने विधानसभा अध्यक्ष को परियोजना की प्रगति से अवगत कराया और निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्यों को पूरा करने का भरोसा दिलाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *