एसजीआरआर समूह का नाम एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन हुआ है। इस उपलब्धि के पीछे संस्थान के पूर्व छात्र दिगम्बर सिंह रावत और अमिन्दर सिंह बिष्ट की कड़ी मेहनत और प्रतिभा है, जिन्होंने उत्तराखण्ड को वैश्विक मंच पर पहचान दिलाई है।
हाल ही में नोएडा में आयोजित मिक्स मार्शल आर्ट (एमएमए) प्रतियोगिता में दिगम्बर सिंह रावत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इंडोनेशिया के खिलाड़ी अंगा को हराकर खिताब अपने नाम किया। उनकी इस जीत ने सभी को गौरवान्वित कर दिया।
मंगलवार को दिगम्बर और अमिन्दर ने दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज में पहुंचकर आशीर्वाद लिया। इस दौरान श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने दोनों खिलाड़ियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं और दिगम्बर को मेडल पहनाकर सम्मानित किया।
दोनों खिलाड़ियों ने अपनी शुरुआती शिक्षा श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल, कर्णप्रयाग और आदिबदरी से प्राप्त की है। अब वे आगे की पढ़ाई के लिए श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय में दाखिला लेने की तैयारी कर रहे हैं।
दिगम्बर और अमिन्दर पहले भी कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा दिखा चुके हैं। हालिया प्रतियोगिता में दिगम्बर ने 70 किलोग्राम वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए 10 देशों के 28 खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर में जीत हासिल की।
इस उपलब्धि से एसजीआरआर समूह के विद्यार्थियों और शिक्षकों में खुशी का माहौल है। दोनों खिलाड़ी भविष्य में यूएफसी जैसे बड़े मंच पर खिताब जीतने का लक्ष्य लेकर लगातार मेहनत कर रहे हैं।



