Home / मनोरंजन / IPL 2026: आरसीबी ने पंजाब किंग्स को 23 रन से हराकर प्लेऑफ में बनाई जगह

IPL 2026: आरसीबी ने पंजाब किंग्स को 23 रन से हराकर प्लेऑफ में बनाई जगह

धर्मशाला स्थित हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2026 के मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पंजाब किंग्स को 23 रन से मात देकर प्लेऑफ का टिकट पक्का कर लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी ने 4 विकेट पर 222 रन बनाए, जिसके जवाब में पंजाब की टीम 8 विकेट खोकर 199 रन ही बना सकी।

आरसीबी का इस सीजन प्रदर्शन लगातार शानदार रहा है। टीम ने अब तक खेले गए 13 मैचों में 9 जीत दर्ज करते हुए 18 अंक हासिल कर लिए हैं। दूसरी ओर पंजाब किंग्स की हालत मुश्किल में पहुंच गई है। टीम को लगातार छठी हार का सामना करना पड़ा और 13 अंकों के साथ उसके प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें लगभग खत्म हो गई हैं।

223 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने महज 19 रन तक अपने तीन बड़े विकेट गंवा दिए। सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्य और प्रभसिमरन सिंह को भुवनेश्वर कुमार ने जल्दी आउट किया, जबकि कप्तान श्रेयस अय्यर को रसिक सलाम डार ने पवेलियन भेजा।

इसके बाद कूपर कोनोली और सूर्यांश शेडगे ने पारी संभालने की कोशिश की। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 43 रन की साझेदारी हुई। कोनोली ने 22 गेंदों में 37 रन बनाए, जिसमें तीन चौके और तीन छक्के शामिल रहे। हालांकि, रोमारियो शेफर्ड ने उन्हें आउट कर पंजाब की उम्मीदों को बड़ा झटका दिया।

इससे पहले टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी की शुरुआत साधारण रही। जैकब बेथेल जल्दी आउट हो गए, लेकिन इसके बाद विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल ने दूसरे विकेट के लिए 76 रन जोड़कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। पडिक्कल ने 25 गेंदों में 45 रन बनाए, जिसमें चार चौके और तीन छक्के शामिल रहे।

विराट कोहली ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपने आईपीएल करियर का 67वां अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 37 गेंदों में 58 रन बनाए और अपनी पारी में चार चौके व तीन छक्के लगाए। कोहली का विकेट युजवेंद्र चहल ने लिया।

इसके बाद वेंकटेश अय्यर और टिम डेविड ने तेजी से रन बटोरे और चौथे विकेट के लिए 65 रन की अहम साझेदारी की। वेंकटेश अय्यर ने 40 गेंदों पर नाबाद 73 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें आठ चौके और चार छक्के शामिल रहे। वहीं टिम डेविड ने 12 गेंदों में 28 रन बनाए।

पंजाब की ओर से हरप्रीत बराड़ सबसे सफल गेंदबाज रहे और उन्होंने दो विकेट लिए। वहीं अर्शदीप सिंह और युजवेंद्र चहल को एक-एक सफलता मिली।

आईपीएल इतिहास में पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच अब तक 38 मुकाबले खेले जा चुके हैं। इनमें आरसीबी ने 20 जबकि पंजाब ने 18 मैचों में जीत दर्ज की है। पिछले सीजन में दोनों टीमों के बीच फाइनल सहित चार मुकाबले हुए थे, जिनमें तीन बार आरसीबी ने बाजी मारी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *