
संतला नदी में फंसे सात युवकों का सफल रेस्क्यू, फायर सर्विस और एसडीआरएफ ने बचाई जानदेहरादून। राजधानी के संतला देवी क्षेत्र में तेज बहाव वाली नदी के बीच फंसे सात युवकों को फायर सर्विस और राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की संयुक्त टीम ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते चलाए गए रेस्क्यू अभियान से एक बड़ा हादसा टल गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार को सिटी कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि संतला देवी मंदिर के समीप नदी का जलस्तर बढ़ने से सात युवक बीच धारा में फंस गए हैं। पानी का बहाव लगातार तेज होने के कारण तत्काल बचाव अभियान शुरू करने की आवश्यकता थी।सूचना मिलते ही देहरादून फायर स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची। अभियान में डीवीआर आकाश चौधरी, फायरमैन विनोद, भूपेंद्र तथा महिला फायर कर्मी अंजलि और शालिनी सहित एसडीआरएफ के जवानों ने संयुक्त रूप से मोर्चा संभाला। टीम ने मल्टी-पर्पज रोप, थ्रो बैग और अन्य आधुनिक बचाव उपकरणों का उपयोग करते हुए सभी युवकों को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया।बचाए गए युवकों की पहचान सुशील (26), मुकेश (35), प्रेम कुमार (27), रोशन गुप्ता (32), राजेश (30), पवन (25) और सूरज (30) के रूप में हुई। सभी को सुरक्षित रेस्क्यू कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।रेस्क्यू अभियान के दौरान सीओ मसूरी, थाना कैंट पुलिस की टीम तथा संबंधित पुलिस अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। वहीं स्थानीय लोगों ने भी बचाव कार्य में सक्रिय सहयोग देकर अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।



