वियतनाम और कंबोडिया तक पहुंचा उत्तराखंड का योग संदेश, विश्व शांति अभियान से जुड़ रहे हजारों लोगदेहरादून/वियतनाम/कंबोडिया। देवभूमि उत्तराखंड से निकला योग, शांति और मानव एकता का संदेश अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान बना रहा है। दून योगपीठ के संस्थापक योगाचार्य डॉ. बिपिन जोशी के नेतृत्व में संचालित विश्व शांति अभियान इन दिनों दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों वियतनाम और कंबोडिया में व्यापक जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ रहा है। अभियान का उद्देश्य योग के माध्यम से वैश्विक शांति, सांस्कृतिक समरसता और मानवीय मूल्यों को बढ़ावा देना है।विश्व शांति अभियान के तहत वियतनाम में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर एक विशाल कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में योग साधकों ने भाग लिया। “स्वस्थ और संतुलित जीवन के लिए योग” विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे प्रतिभागियों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वास्थ्य और मानसिक संतुलन का संदेश दिया।कार्यक्रम में भारतीय दूतावास के प्रतिनिधियों, वियतनाम के वरिष्ठ अधिकारियों, योग विशेषज्ञों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की। वक्ताओं ने योग को केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन को सकारात्मक दिशा देने वाला माध्यम बताया।अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित एक विशेष समारोह में मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करते हुए योगाचार्य डॉ. बिपिन जोशी ने कहा कि वर्तमान समय में दुनिया अनेक चुनौतियों और संघर्षों का सामना कर रही है। ऐसे दौर में मानवता को बाहरी नहीं बल्कि आंतरिक शांति की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि योग व्यक्ति के भीतर संतुलन और सकारात्मकता विकसित कर समाज और विश्व में शांति स्थापित करने का मार्ग प्रशस्त करता है।वियतनाम के बाद अभियान का अगला चरण कंबोडिया में संचालित किया जा रहा है। इस दौरान डॉ. जोशी ने वहां के विभिन्न सामाजिक और शैक्षणिक संस्थानों का दौरा कर बच्चों एवं स्थानीय समुदाय के बीच शांति, शिक्षा, भाईचारे और सह-अस्तित्व का संदेश साझा किया। उन्होंने विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उन्हें बेहतर भविष्य के लिए प्रेरित भी किया।योगाचार्य डॉ. जोशी ने कहा कि विश्व शांति केवल समझौतों या नीतियों से नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति के भीतर जागरूकता, संवेदनशीलता और सकारात्मक सोच के विकास से संभव है। योग इस परिवर्तन का सबसे प्रभावी माध्यम बन सकता है।विश्व शांति अभियान के माध्यम से भारत की प्राचीन योग परंपरा और “वसुधैव कुटुम्बकम्” की भावना को वैश्विक मंच पर नई मजबूती मिल रही है। वियतनाम और कंबोडिया में अभियान को मिल रहा व्यापक समर्थन इस बात का संकेत है कि योग आज दुनिया को जोड़ने वाली एक सशक्त कड़ी बनता जा रहा है।
Home / गढ़वाल न्यूज़ / देहरादून के योगाचार्य डॉ. बिपिन जोशी का वैश्विक मिशन, वियतनाम-कंबोडिया में गूंज रहा शांति और योग का संदेश
देहरादून के योगाचार्य डॉ. बिपिन जोशी का वैश्विक मिशन, वियतनाम-कंबोडिया में गूंज रहा शांति और योग का संदेश
June 25, 2026
Previous ArticleNext Article



