
देहरादून में बैंककर्मी को बनाया निशाना, बाइक सवार बदमाशों ने की फायरिंगदेहरादून में एक बार फिर फायरिंग की घटना सामने आने से इलाके में हड़कंप मच गया।मामला पटेल नगर कोतवाली क्षेत्र के बड़ोवाला स्थित ग्रास फार्म का बताया जा रहा है।
शिमला बाईपास रोड पर बाइक सवार युवकों ने स्कूटी से जा रहे एक बैंककर्मी को निशाना बनाया।बताया जा रहा है कि बैंककर्मी अपनी कजिन के साथ स्कूटी पर सवार होकर जा रहा था।इसी दौरान पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने उस पर गोली चला दी।फायरिंग में गोली युवक के पेट को छूकर निकल गई, जिससे वह घायल हो गया।
घायल की पहचान सत्यम के रूप में हुई है, जो उज्जीवन बैंक में कार्यरत बताया जा रहा है।गोली लगने के बाद सत्यम को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।फिलहाल अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है और उसकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।घटना की सूचना मिलते ही पटेल नगर पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।फायरिंग करने वाले आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाई जा रही है।पुलिस टीम घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है।फुटेज के आधार पर बाइक सवार हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है।पुलिस फिलहाल फायरिंग की वजह का पता लगाने में जुटी हुई है।घटना के पीछे पुरानी रंजिश या किसी अन्य विवाद की आशंका समेत विभिन्न पहलुओं पर जांच की जा रही है।फिलहाल पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।



