Home / गढ़वाल न्यूज़ / नशे के कारोबार पर हरिद्वार पुलिस का बड़ा वार, 94 प्रतिबंधित इंजेक्शन सहित दो आरोपी दबोचे

नशे के कारोबार पर हरिद्वार पुलिस का बड़ा वार, 94 प्रतिबंधित इंजेक्शन सहित दो आरोपी दबोचे

हरिद्वार। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत हरिद्वार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बहादराबाद और बुग्गावाला थाना पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों के कब्जे से कुल 94 प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर जिलेभर में चल रहे अभियान के तहत बहादराबाद पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 50 प्रतिबंधित बुप्रेनॉर्फिन (लीजेसिक) इंजेक्शन बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह मेडिकल क्षेत्र से जुड़ा रहा है और नशीले इंजेक्शनों की बढ़ती मांग को देखते हुए इस अवैध कारोबार में शामिल हो गया था। पुलिस अब उसके नेटवर्क और सप्लाई चैन की भी जांच कर रही है।गिरफ्तार आरोपी की पहचान बहादराबाद क्षेत्र निवासी राव रिहान के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है।वहीं दूसरी ओर, बुग्गावाला थाना पुलिस ने भी नशा तस्करी के खिलाफ अभियान चलाते हुए एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस टीम ने नियमित चेकिंग के दौरान एक युवक को रोका, जिसकी तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 44 प्रतिबंधित इंजेक्शन बरामद हुए। इसके अलावा मौके से एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।पूछताछ के दौरान आरोपी ने नशे के कारोबार से जुड़े कुछ अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी दी है। पुलिस इन सूचनाओं के आधार पर संभावित तस्करों की तलाश में जुटी हुई है और जल्द ही अन्य गिरफ्तारियों की संभावना जताई जा रही है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जिले को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आम जनता से भी अपील की है कि नशा तस्करी से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समाज को नशे के दुष्प्रभावों से बचाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *