Home / गढ़वाल न्यूज़ / श्रद्धालुओं के लिए राहत: इस वर्ष मोटर मार्ग से संपन्न होगी कैलाश मानसरोवर यात्रा, 6 जुलाई को पहुंचेगा पहला जत्था

श्रद्धालुओं के लिए राहत: इस वर्ष मोटर मार्ग से संपन्न होगी कैलाश मानसरोवर यात्रा, 6 जुलाई को पहुंचेगा पहला जत्था

पिथौरागढ़। कैलास मानसरोवर यात्रा-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। यात्रा के सफल संचालन और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला मुख्यालय में एक समन्वय बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों और सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारियों ने भाग लिया।बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी आशीष कुमार भट्टगांई ने बताया कि इस वर्ष कैलास मानसरोवर यात्रा के लिए कुल 10 दल निर्धारित किए गए हैं। प्रत्येक दल में 50 यात्री शामिल होंगे, जिसके अनुसार करीब 500 श्रद्धालु यात्रा में हिस्सा लेंगे। यात्रियों के आवागमन के लिए कुमाऊं मंडल विकास निगम द्वारा पर्याप्त वाहन व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है।जिलाधिकारी ने बताया कि यात्रा का पहला दल 6 जुलाई को पिथौरागढ़ पहुंचेगा। इसके मद्देनजर सभी विभागों को समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने और बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।इस बार यात्रा की सबसे बड़ी विशेषता यह रहेगी कि आधिकारिक मार्गों पर श्रद्धालुओं को पहले की तुलना में कहीं अधिक सुविधा मिलेगी। सड़क संपर्क बेहतर होने के कारण अधिकांश यात्रा वाहन के माध्यम से पूरी की जा सकेगी, जिससे यात्रियों को लंबी पैदल दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। इससे बुजुर्गों और महिलाओं सहित सभी श्रद्धालुओं को विशेष राहत मिलने की उम्मीद है।बैठक के दौरान भारतीय सेना, आईटीबीपी और सीमा सड़क संगठन के अधिकारियों ने यात्रा मार्ग की स्थिति और उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी साझा की। प्रशासन ने सभी एजेंसियों को यात्रा अवधि के दौरान आपसी समन्वय बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए।सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पुलिस और सुरक्षा बलों को मार्ग के संवेदनशील स्थानों, पड़ाव स्थलों और अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने को कहा गया। साथ ही श्रद्धालुओं के लिए आवास, भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं और स्वच्छता संबंधी सुविधाओं को उच्च स्तर पर बनाए रखने पर जोर दिया गया।जिलाधिकारी ने सीमा सड़क संगठन को विशेष रूप से निर्देशित किया कि भूस्खलन की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए। मार्ग पर किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न होने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा आवश्यक मशीनरी और संसाधन उपलब्ध रखने के भी निर्देश दिए गए।पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे ने बताया कि यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए पुलिस विभाग अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ मिलकर व्यापक स्तर पर तैयारियों में जुटा हुआ है। प्रशासन का लक्ष्य है कि इस वर्ष कैलास मानसरोवर यात्रा श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित, सुगम और यादगार अनुभव साबित हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *