Home / गढ़वाल न्यूज़ / सचिवालय संघ की नई कार्यकारिणी का औपचारिक गठन, सीएम धामी ने दिलाई शपथ

सचिवालय संघ की नई कार्यकारिणी का औपचारिक गठन, सीएम धामी ने दिलाई शपथ

देहरादून। उत्तराखंड सचिवालय संघ की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह देहरादून में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए नवचयनित पदाधिकारियों को उनके दायित्वों की शपथ दिलाई और सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने संघ की नई टीम को बधाई देते हुए कहा कि सचिवालय प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था का केंद्रीय आधार है, जहां से राज्य के विकास, जनकल्याण और सुशासन से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय आकार लेते हैं। उन्होंने कहा कि सचिवालय में कार्यरत अधिकारी और कर्मचारी सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी राज्य की प्रगति में कर्मठ और उत्तरदायी कर्मचारी तंत्र की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। शासन और कर्मचारी यदि समन्वय तथा टीम भावना के साथ कार्य करें तो विकास कार्यों में तेजी आती है और जनता का विश्वास भी मजबूत होता है।उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रशासनिक कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी, प्रभावी और जनोन्मुखी बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। तकनीक आधारित सेवाओं को बढ़ावा देने, ई-गवर्नेंस को मजबूत करने और प्रक्रियाओं को सरल बनाने की दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं ताकि नागरिकों को बेहतर और समयबद्ध सेवाएं मिल सकें।मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हमेशा कर्मचारी संगठनों के साथ संवाद बनाए रखने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाती रही है। एक संतुष्ट और प्रेरित कर्मचारी वर्ग ही सुशासन की मजबूत नींव बन सकता है।उन्होंने विश्वास जताया कि सचिवालय संघ की नई कार्यकारिणी कर्मचारियों और शासन के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करते हुए कार्य संस्कृति को और अधिक मजबूत बनाएगी। साथ ही प्रदेश को विकास के नए आयामों तक पहुंचाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएगी।कार्यक्रम के दौरान सचिवालय संघ के अध्यक्ष दीपक जोशी सहित नवचयनित पदाधिकारियों ने अपने दायित्वों का संकल्प लिया। मुख्यमंत्री ने सभी पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए अपेक्षा व्यक्त की कि वे सेवा, उत्तरदायित्व और समर्पण की भावना के साथ कार्य करते हुए विकसित उत्तराखंड के लक्ष्य को साकार करने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *