Home / Uncategorized / सीबीएसई 10वीं रिजल्ट: देहरादून रीजन 91.59% के साथ 16वें स्थान पर, बेटियों ने फिर मारी बाजी

सीबीएसई 10वीं रिजल्ट: देहरादून रीजन 91.59% के साथ 16वें स्थान पर, बेटियों ने फिर मारी बाजी

देहरादून, 15 अप्रैल।
सीबीएसई की कक्षा 10वीं के परिणाम में इस बार भी छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए छात्रों को पीछे छोड़ दिया। आंकड़ों के अनुसार लड़कियों का पास प्रतिशत 93.63 रहा, जबकि लड़कों का परिणाम 90.1 प्रतिशत दर्ज किया गया। कुल मिलाकर देहरादून रीजन का रिजल्ट 91.59 प्रतिशत रहा।

बोर्ड से मिली जानकारी के अनुसार इस वर्ष 10वीं परीक्षा के लिए 1,07,803 विद्यार्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था, जिनमें 61,711 छात्र और 46,092 छात्राएं शामिल थीं। परीक्षा में 61,381 छात्र और 45,914 छात्राएं शामिल हुए। परिणाम में 55,280 छात्र और 42,988 छात्राएं सफल रहीं। इस तरह कुल 1,07,295 परीक्षार्थियों में से 98,268 ने परीक्षा पास की।

रीजन की ओवरऑल परफॉर्मेंस की बात करें तो 91.59 प्रतिशत परिणाम के साथ यह आंकड़ा लगभग पिछले वर्ष के बराबर ही रहा, जब पास प्रतिशत 91.60 था।

देशभर के 22 सीबीएसई रीजन में केरल के त्रिवेंद्रम और आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा ने संयुक्त रूप से पहला स्थान हासिल किया, जहां 99.97 प्रतिशत रिजल्ट रहा। वहीं चेन्नई दूसरे स्थान पर रहा। देहरादून रीजन इस बार 16वें स्थान पर रहा, जबकि पिछले साल 17 रीजन में से 13वें स्थान पर था।

पौड़ी जिले में भी छात्रों का प्रदर्शन सराहनीय रहा। बीआर मॉडर्न स्कूल के छात्र आदित्य पंत ने 98.8 प्रतिशत अंक हासिल कर जिला मुख्यालय में टॉप किया। वहीं शिखर ध्यानी ने 97.8 प्रतिशत के साथ दूसरा और रुद्र प्रताप सिंह रावत ने 97.4 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया। स्कूल के 35 से अधिक विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से ज्यादा अंक हासिल किए।

इसके अलावा केंद्रीय विद्यालय कोठार और हिल्स इंटरनेशनल स्कूल का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा, जबकि एसजीआरआर के छात्र भी बेहतर प्रदर्शन करते नजर आए।

बोर्ड द्वारा बुधवार शाम को परिणाम घोषित किए जाने के बाद छात्रों और अभिभावकों में खुशी का माहौल देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *