हरिद्वार। वन्यजीवों के साथ रोमांचक तस्वीरें लेने का शौक कुछ पर्यटकों को उस समय भारी पड़ गया, जब वे जंगली हाथियों के झुंड के बेहद करीब पहुंच गए। मामला उत्तरी हरिद्वार के सप्तऋषि क्षेत्र का है, जहां हाथियों के साथ फोटो और वीडियो बनाने की कोशिश कर रहे युवकों को अपनी जान बचाने के लिए दौड़ लगानी पड़ी।जानकारी के अनुसार, हरियाणा और पंजाब से आए आधा दर्जन से अधिक युवक बुधवार शाम सप्तऋषि घाट के समीप गंगा में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर नदी के दूसरी ओर मौजूद हाथियों के एक बड़े झुंड पर पड़ी। झुंड में कई वयस्क हाथियों के साथ एक शावक भी शामिल था।हाथियों को नजदीक से देखने और यादगार तस्वीरें लेने की चाह में कुछ युवक गंगा पार कर जंगल की ओर बढ़ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक हाथियों के काफी करीब पहुंचकर मोबाइल से फोटो और वीडियो बनाने लगे। शुरुआत में हाथियों ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी, लेकिन कुछ ही देर बाद उनकी मौजूदगी से नाराज होकर झुंड के कई हाथी युवकों की ओर तेजी से बढ़ने लगे।हाथियों को अपनी दिशा में आते देख युवकों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। सभी जान बचाने के लिए अलग-अलग दिशाओं में भागने लगे। बताया जा रहा है कि दो युवक तो हाथियों के बेहद करीब पहुंच गए थे, लेकिन समय रहते वहां से निकलने में सफल रहे। गनीमत रही कि इस दौरान कोई जनहानि नहीं हुई।घटना के समय घाट पर मौजूद लोगों ने भी पूरे घटनाक्रम को चिंता और भय के साथ देखा। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कुछ क्षणों के लिए माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया था और सभी को किसी बड़े हादसे की आशंका सताने लगी थी।इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो वहां मौजूद एक युवक ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वन्यजीव जानकारों का कहना है कि जंगली जानवरों के करीब जाना न केवल कानूनन गलत हो सकता है, बल्कि यह जानलेवा भी साबित हो सकता है। पर्यटकों को ऐसे क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी जाती है।
Home / गढ़वाल न्यूज़ / हाथियों के झुंड के बीच सेल्फी का रोमांच पड़ा भारी, पर्यटकों की लापरवाही से टल गया बड़ा हादसा
हाथियों के झुंड के बीच सेल्फी का रोमांच पड़ा भारी, पर्यटकों की लापरवाही से टल गया बड़ा हादसा
June 26, 2026
Previous ArticleNext Article



