
मसूरी में विकास कार्यों को मिली नई रफ्तार, एमडीडीए की ₹17.80 करोड़ की परियोजनाओं का मुख्यमंत्री धामी ने किया शुभारंभदेहरादून। मसूरी विधानसभा क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में मंगलवार को महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) की लगभग 17 करोड़ 80 लाख रुपये लागत वाली विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विकास को केवल निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं रख रही है, बल्कि जनता की जरूरतों और स्थानीय अपेक्षाओं के अनुरूप योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए लगातार कार्य कर रही है।कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पुरकुल में शहीद दीपक पुण्डीर की स्मृति में लगभग 3.36 करोड़ रुपये की लागत से तैयार आधुनिक सामुदायिक भवन का उद्घाटन किया। इसके साथ ही चार नई परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी गई। इनमें सालावाला क्षेत्र में सड़क एवं पुस्ता निर्माण, डोभालवाला और विजय कॉलोनी में सड़क एवं नाली निर्माण तथा सालावाला में नए सामुदायिक भवन का निर्माण शामिल है। इन सभी कार्यों पर करोड़ों रुपये की लागत आएगी और इनके पूरा होने से स्थानीय लोगों को बेहतर आधारभूत सुविधाओं का लाभ मिलेगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड तेजी से विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि एमडीडीए के माध्यम से सड़क, पेयजल, सामुदायिक भवन और शहरी आधारभूत ढांचे से जुड़े कई कार्य तेजी से पूरे किए जा रहे हैं। मसूरी जैसे प्रमुख पर्यटन क्षेत्र में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने से राज्य की अर्थव्यवस्था और पर्यटन दोनों को मजबूती मिलेगी।उन्होंने बताया कि पुरकुल में सैन्य धाम का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इसके अलावा मसूरी रोपवे के लोअर टर्मिनल तक लगभग 13 किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण और उन्नयन का कार्य भी जारी है। जल जीवन मिशन के अंतर्गत पेयजल योजनाओं का विस्तार कर ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बेहतर जलापूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।मुख्यमंत्री ने कहा कि मालदेवता लाल पुल से सिल्ला-मोलधार होते हुए सुआखोली तक सड़क को मजबूत बनाने का कार्य भी तेजी से चल रहा है। ग्राम पंचायत रिखोली के सोलाह गांव में विद्युतीकरण का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि सहस्त्रधारा क्षेत्र में बाल्दी नदी के किनारों पर बाढ़ सुरक्षा कार्य और न्यू कैंट रोड में सुरक्षा संबंधी परियोजनाएं भी अंतिम चरण में हैं। इन योजनाओं का उद्देश्य क्षेत्र को अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और आधुनिक बनाना है।उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनता से किए गए अपने सभी वादों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कर रही है। समान नागरिक संहिता, धर्मांतरण विरोधी कानून, नकल विरोधी कानून और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया जैसी पहलें सुशासन के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं। साथ ही स्टार्टअप नीति, एक जनपद-दो उत्पाद, हाउस ऑफ हिमालयाज, होमस्टे और मेड इन उत्तराखंड जैसी योजनाओं के माध्यम से युवाओं और स्थानीय उद्यमियों को स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।कैबिनेट मंत्री एवं मसूरी विधायक गणेश जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में एमडीडीए क्षेत्र में सड़क, नाली, सामुदायिक भवन और अन्य नागरिक सुविधाओं के विकास पर लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से मसूरी विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी।एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ विकास योजनाओं को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप योजनाएं तैयार कर उनका प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है, जिससे लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आएगा।इस अवसर पर शहीद दीपक पुण्डीर के परिजनों सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम में एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया, एसडीएम मसूरी राहुल आनंद, अधिशासी अभियंता सुनील कुमार, अवर अभियंता सचिन तोमर, ज्योति कोटिया, शमशेर सिंह बिष्ट, वीर सिंह चौहान, नेहा जोशी, सीमा पुण्डीर, लक्ष्मण सिंह रावत सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया।



