योग दिवस पर मुख्यमंत्री ने दिया स्वास्थ्य और अनुशासन का संदेश, ‘रन फॉर योगा’ में दिखाई सहभागितादेहरादून। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित ‘रन फॉर योगा’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भाग लेकर प्रदेशवासियों को स्वस्थ और सक्रिय जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। पुलिस लाइन, देहरादून में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।मुख्यमंत्री ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन को संतुलित और सकारात्मक दिशा देने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि ‘रन फॉर योगा’ जैसे आयोजन समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और लोगों को योग से जोड़ने का प्रभावी प्रयास हैं।उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पहचान सदियों से योग, आध्यात्मिक चेतना और तपस्या की भूमि के रूप में रही है। यहां की सांस्कृतिक विरासत और प्राकृतिक परिवेश लोगों को स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन जीने की प्रेरणा प्रदान करते हैं। योग भारतीय ज्ञान परंपरा की अमूल्य धरोहर है, जो शरीर, मन और आत्मा को एक सूत्र में बांधने का कार्य करता है।मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में योग को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिली है। संयुक्त राष्ट्र द्वारा 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस घोषित किए जाने के बाद आज दुनिया के अनेक देशों में करोड़ों लोग योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना चुके हैं।उन्होंने कहा कि आधुनिक जीवनशैली से उत्पन्न तनाव और स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के बीच योग लोगों को मानसिक और शारीरिक रूप से मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने युवाओं से नियमित योग और व्यायाम को अपनाने की अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ और अनुशासित युवा ही राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति हैं।मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार उत्तराखंड को योग, आयुर्वेद और वेलनेस के क्षेत्र में अग्रणी बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। नई योग नीति के माध्यम से योग केंद्रों, प्रशिक्षकों और वेलनेस आधारित गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे रोजगार के नए अवसर भी सृजित हो रहे हैं।उन्होंने प्रदेशवासियों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने, नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग देने तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि युवा वर्ग योग को जन-आंदोलन का रूप देने में अहम भूमिका निभाएगा और राज्य को स्वस्थ एवं समृद्ध बनाने में योगदान देगा।कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, विधायक विनोद चमोली, देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल, आयुष विभाग की सचिव रंजना राजगुरु, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक परमेंद्र डोभाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Home / गढ़वाल न्यूज़ / अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री हुए ‘रन फॉर योगा’ अभियान में शामिल
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री हुए ‘रन फॉर योगा’ अभियान में शामिल
June 20, 2026
Previous ArticleNext Article



