गंगा में लापता तीन लोगों के शव बरामद, SDRF का लगातार जारी है सर्च ऑपरेशनऋषिकेश। गंगा नदी में अलग-अलग स्थानों पर डूबकर लापता हुए लोगों की तलाश में राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के दौरान SDRF टीम को बड़ी सफलता मिली है। पशुलोक बैराज क्षेत्र में खोजबीन के दौरान तीन शव बरामद किए गए हैं।SDRF की विशेष टीम पिछले कई दिनों से नदी के विभिन्न हिस्सों में गहन तलाशी अभियान चला रही थी। डीप डाइविंग विशेषज्ञों और आधुनिक खोज उपकरणों की मदद से संभावित स्थानों पर लगातार सर्च ऑपरेशन किया जा रहा था। अभियान के दौरान पशुलोक बैराज के चैनल में तीन शव दिखाई देने पर टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला।इसके बाद परिजनों को मौके पर बुलाकर पहचान कराई गई। शिनाख्त के बाद तीनों शवों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के लिए स्थानीय पुलिस को सौंप दिया गया।पुलिस और SDRF अधिकारियों के अनुसार बरामद शवों की पहचान मध्य प्रदेश के ग्वालियर निवासी शैलेंद्र महावर, गौतम बुद्ध नगर (उत्तर प्रदेश) निवासी शौर्य नागर तथा दिल्ली निवासी मनीष आर्य के रूप में हुई है। तीनों अलग-अलग घटनाओं में गंगा नदी में डूबकर लापता हो गए थे और लंबे समय से उनकी तलाश की जा रही थी।शवों की पहचान होने के बाद पुलिस ने पंचनामा और अन्य आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।SDRF ने की सावधानी बरतने की अपीलघटनाओं के मद्देनजर SDRF ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत एवं सुरक्षित घाटों पर ही स्नान करें। नदी के तेज बहाव और बदलते जलस्तर को देखते हुए किसी भी प्रतिबंधित या जोखिम वाले क्षेत्र में जाने से बचें।अधिकारियों ने कहा कि गंगा में थोड़ी सी असावधानी भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है। इसलिए प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करना सभी के लिए आवश्यक है। बच्चों पर विशेष निगरानी रखें और नदी किनारे किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें।SDRF ने कहा कि टीम चौबीसों घंटे लोगों की सुरक्षा के लिए तत्पर है, लेकिन सतर्कता और जागरूकता ही ऐसे हादसों को रोकने का सबसे प्रभावी तरीका है।
हरिद्वार में गंगा किनारे सर्च ऑपरेशन तेज, तीन शव मिलने से सनसनी
June 20, 2026
Previous ArticleNext Article



