Home / देहरादून समाचार / ऋषिकेश से दक्षिण भारत तीर्थ यात्रा के लिए चलेगी पर्यटक ट्रेनें, 12 जून से शुरू होगा पहला सफर

ऋषिकेश से दक्षिण भारत तीर्थ यात्रा के लिए चलेगी पर्यटक ट्रेनें, 12 जून से शुरू होगा पहला सफर

योगनगरी ऋषिकेश से श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए भारतीय रेलवे द्वारा विशेष धार्मिक टूर ट्रेनें चलाई जाएंगी। ये ट्रेनें 12 जून से 10 जुलाई 2026 के बीच दो अलग-अलग चरणों में दक्षिण भारत और ज्योतिर्लिंग यात्रा कराएंगी।

आईआरसीटीसी की इस विशेष भारत गौरव पर्यटक ट्रेन के तहत पहली यात्रा 12 जून से शुरू होकर 23 जून तक चलेगी, जबकि दूसरी यात्रा 29 जून से 10 जुलाई 2026 के बीच संचालित होगी। दोनों यात्राओं में यात्रियों को देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे।

पहली यात्रा में यात्रियों को उज्जैन के महाकालेश्वर, ओंकारेश्वर, गुजरात के द्वारकाधीश, सोमनाथ, नासिक के त्र्यंबकेश्वर, भीमाशंकर और घृष्णेश्वर जैसे सात ज्योतिर्लिंगों के दर्शन का अवसर मिलेगा। वहीं दूसरी ट्रेन दक्षिण भारत के प्रमुख तीर्थ स्थलों जैसे तिरुपति बालाजी, रामेश्वरम, मीनाक्षी मंदिर, कन्याकुमारी और मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग तक ले जाएगी।

यह यात्रा 11 रात और 12 दिन की होगी और इसमें यात्रियों के लिए भोजन, ठहरने और स्थानीय भ्रमण की पूरी व्यवस्था उपलब्ध रहेगी। ट्रेन का संचालन ऋषिकेश के साथ-साथ हरिद्वार, लखनऊ, कानपुर और अन्य प्रमुख स्टेशनों से भी जुड़ा रहेगा।

बुकिंग “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर की जाएगी और यात्रियों को किफायती पैकेज में धार्मिक यात्रा का अनुभव मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *