Home / गढ़वाल न्यूज़ / चारधाम यात्रा में क्यों बढ़ रही अव्यवस्था? एक माह बाद भी जाम, भीड़ और व्यवस्थाओं पर उठ रहे सवाल

चारधाम यात्रा में क्यों बढ़ रही अव्यवस्था? एक माह बाद भी जाम, भीड़ और व्यवस्थाओं पर उठ रहे सवाल

उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा को शुरू हुए एक माह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन यात्रा व्यवस्था अब भी पूरी तरह पटरी पर लौटती नजर नहीं आ रही है। केदारनाथ और बदरीनाथ धाम सहित प्रमुख यात्रा मार्गों पर लगातार लग रहे जाम, बढ़ती भीड़, सीमित संसाधनों और दर्शन व्यवस्था को लेकर श्रद्धालुओं की परेशानियां कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। ऐसे में सवाल उठने लगे हैं कि व्यापक तैयारियों और बड़े दावों के बावजूद यात्रा प्रबंधन अपेक्षित स्तर पर क्यों नहीं पहुंच पा रहा है।

गर्मी से राहत और धार्मिक आस्था के चलते बड़ी संख्या में श्रद्धालु उत्तराखंड का रुख कर रहे हैं। इसके साथ ही पर्यटन और सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के कारण भी यात्रा मार्गों पर यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। नतीजतन कई स्थानों पर यातायात दबाव इतना अधिक हो गया है कि घंटों तक वाहन जाम में फंसे रहने को मजबूर हैं। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस, प्रशासन और विभिन्न विभागों के साथ अर्द्धसैनिक बलों की भी तैनाती की गई है, लेकिन इसके बावजूद समस्याएं पूरी तरह नियंत्रित नहीं हो पा रही हैं।

विशेषज्ञों और स्थानीय लोगों का मानना है कि यात्रा मार्गों और धामों की वास्तविक क्षमता के मुकाबले अधिक संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने से व्यवस्थाओं पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है। पूर्व वर्षों में धामों की क्षमता के अनुसार प्रतिदिन सीमित संख्या में श्रद्धालुओं को अनुमति दी जाती थी, जिससे भीड़ नियंत्रण और व्यवस्थाओं के संचालन में आसानी रहती थी। हालांकि बाद में इस व्यवस्था को समाप्त कर दिया गया, जिसके बाद यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई।

वर्तमान में केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। जबकि आवासीय सुविधाएं, पार्किंग स्थल, यात्री ठहराव केंद्र और दर्शन व्यवस्था की अपनी सीमित क्षमता है। ऐसे में कई बार श्रद्धालुओं को लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। कुछ यात्रियों को समयाभाव और भीड़ के कारण बिना दर्शन किए लौटना भी पड़ रहा है। वहीं घंटों लंबे जाम के चलते कई यात्री अपने पूर्व निर्धारित होटल और विश्राम स्थलों तक समय पर नहीं पहुंच पा रहे हैं।

यात्रा से जुड़े व्यवसायियों को भले ही अधिक संख्या में यात्रियों के आने से आर्थिक लाभ मिल रहा हो, लेकिन अव्यवस्था का सबसे बड़ा असर श्रद्धालुओं पर पड़ रहा है। वर्षों से चारधाम यात्रा का सपना संजोए लोग कठिन परिस्थितियों का सामना करने को मजबूर हैं। इससे देवभूमि आने वाले यात्रियों के अनुभव पर भी असर पड़ रहा है।

गौरतलब है कि चारधाम यात्रा की तैयारियां हर वर्ष कई महीने पहले शुरू हो जाती हैं। प्रशासन के पास यात्रा मार्गों की पार्किंग क्षमता, होटल, धर्मशाला, ढाबों और अन्य सुविधाओं का पूरा आंकड़ा मौजूद रहता है। इसके बावजूद यदि किसी स्थान पर उसकी क्षमता से कहीं अधिक संख्या में यात्री पहुंच रहे हैं तो व्यवस्थाओं का प्रभावित होना स्वाभाविक है।

जानकारों का मानना है कि यात्रा को अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित और श्रद्धालु हितैषी बनाने के लिए क्षमता आधारित प्रबंधन, चरणबद्ध प्रवेश और संसाधनों के अनुरूप यात्री संख्या निर्धारण जैसे विकल्पों पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए। इससे न केवल यातायात और भीड़ प्रबंधन में सुधार होगा, बल्कि श्रद्धालुओं को बेहतर यात्रा अनुभव भी मिल सकेगा।

चारधाम यात्रा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि उत्तराखंड की पहचान और प्रतिष्ठा से भी जुड़ी हुई है। ऐसे में आवश्यक है कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और यात्रा की गरिमा को ध्यान में रखते हुए दीर्घकालिक और व्यावहारिक समाधान तलाशे जाएं, ताकि देवभूमि की “अतिथि देवो भवः” की परंपरा वास्तविक रूप में दिखाई दे सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *