Home / Uncategorized / जमीनी हकीकत जांचने अचानक पहुंचे मुख्यमंत्री, लापरवाही पर जताई नाराजगी

जमीनी हकीकत जांचने अचानक पहुंचे मुख्यमंत्री, लापरवाही पर जताई नाराजगी

देहरादून में सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की वास्तविक स्थिति समझने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खुद मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्य में ढिलाई को लेकर अधिकारियों पर नाराजगी जाहिर की और आपसी तालमेल के साथ काम पूरा करने के निर्देश दिए।

जाखन क्षेत्र के निवासी विवेक मदान ने राजपुर अपर रोड पर अंडरग्राउंड बिजली लाइन बिछाने के बाद खराब हुए फुटपाथ की शिकायत दर्ज कराई थी। उनका कहना था कि पहले सड़क किनारे बना फुटपाथ खुदाई के दौरान क्षतिग्रस्त हो गया और सही ढंग से मरम्मत न होने के कारण टाइल्स धंस गई हैं, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

शिकायतों की समीक्षा बैठक से पहले मुख्यमंत्री ने सीधे स्थल पर जाकर स्थिति का जायजा लेने का निर्णय लिया। जाखन पहुंचकर उन्होंने शिकायतकर्ता को साथ लिया और अधिकारियों को वीडियो कॉल के माध्यम से मौके की वास्तविक स्थिति दिखाई।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने यह भी पाया कि कई जगहों पर अंडरग्राउंड लाइन के बावजूद बिजली के तार बाहर नजर आ रहे हैं, जो सुरक्षा के लिहाज से खतरनाक हो सकते हैं। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि बिना योजना के काम करने से जनता को बार-बार दिक्कत होती है और सरकारी धन की भी बर्बादी होती है।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि वे राज्य के अन्य हिस्सों में भी इसी तरह औचक निरीक्षण करेंगे। साथ ही मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन को निर्देश दिए कि प्रदेश में जहां भी इस तरह की शिकायतें मिलें, उन्हें अभियान चलाकर प्राथमिकता से दूर किया जाए।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय दुकानदारों और निवासियों से भी बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *