श्रीनगर गढ़वाल
हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए पीएचडी कार्यक्रमों में प्रवेश हेतु नई अधिसूचना जारी कर दी है। इसके साथ ही ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है, जिसके लिए इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित तिथि तक आवेदन कर सकते हैं।विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, उम्मीदवार 1 मई तक आवेदन फार्म भर सकते हैं। इसके लिए छात्रों को Samarth Portal (hnbguadm.samarth.edu.in) के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना होगा।प्रवेश परीक्षा से संबंधित शेड्यूल भी जारी कर दिया गया है। अभ्यर्थी 12 मई से अपने एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे, जबकि परीक्षा का आयोजन 17 मई को किया जाएगा। परीक्षा की अवधि दो घंटे निर्धारित की गई है।विश्वविद्यालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि इससे पहले जारी अधिसूचना के तहत जिन उम्मीदवारों ने आवेदन कर दिया है, उन्हें दोबारा आवेदन करने की जरूरत नहीं है। नई प्रक्रिया मुख्य रूप से उन अभ्यर्थियों के लिए है, जो प्रवेश परीक्षा के जरिए पीएचडी में दाखिला लेना चाहते हैं।प्रवेश के लिए न्यूनतम अंकों की बात करें तो सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों को 50 प्रतिशत और आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को 45 प्रतिशत अंक लाना अनिवार्य होगा। लिखित परीक्षा में सफल होने वाले अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा, जहां उनके रिसर्च प्रपोजल और शैक्षणिक योग्यता का मूल्यांकन किया जाएगा।आवेदन शुल्क सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए 700 रुपये तय किया गया है, जबकि एससी, एसटी और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए यह शुल्क 350 रुपये रखा गया है।परीक्षा केंद्रों के रूप में श्रीनगर, टिहरी, देहरादून और दिल्ली को चुना गया है। अभ्यर्थियों को उनकी पसंद के आधार पर केंद्र आवंटित किया जाएगा। हालांकि, यदि किसी केंद्र पर पर्याप्त संख्या में आवेदन नहीं मिलते हैं, तो विश्वविद्यालय उस केंद्र को निरस्त कर अभ्यर्थियों को अन्य केंद्र आवंटित कर सकता है।






