Home / गढ़वाल न्यूज़ / डीएसपी बनने पर उत्तरकाशी की प्रतिभाशाली बेटी प्रकृति नेगी का भव्य नागरिक सम्मान

डीएसपी बनने पर उत्तरकाशी की प्रतिभाशाली बेटी प्रकृति नेगी का भव्य नागरिक सम्मान

देहरादून/उत्तरकाशी। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की परीक्षा में पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) पद पर चयनित उत्तरकाशी की प्रतिभावान बेटी प्रकृति नेगी के सम्मान में एक भव्य नागरिक अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। होटल एसोसिएशन उत्तरकाशी और अनघा फाउंडेशन के संयुक्त सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने उनकी सफलता का स्वागत किया।जिला सभागार में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान ने प्रकृति नेगी को शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि प्रकृति की उपलब्धि केवल उनके परिवार ही नहीं बल्कि पूरे उत्तरकाशी जनपद के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने युवाओं से उनकी मेहनत और लगन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने भी प्रकृति नेगी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी सफलता युवा पीढ़ी के लिए एक सकारात्मक संदेश है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रकृति अपने दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन करते हुए प्रदेश और समाज का नाम रोशन करेंगी।कार्यक्रम के दौरान होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह मटूड़ा ने भी उन्हें सम्मानित किया और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। नगर पालिका अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौहान तथा अनघा फाउंडेशन के संरक्षक अजय पुरी सहित अन्य अतिथियों ने भी प्रकृति नेगी को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।इस अवसर पर प्रकृति नेगी के माता-पिता, दादा-दादी और परिवार के अन्य सदस्यों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि उनकी सफलता से पूरे क्षेत्र का मान बढ़ा है और यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।समारोह में विभिन्न सामाजिक संगठनों, प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही, जिन्होंने प्रकृति नेगी की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *