
बदरीनाथ में फिर लौटी रौनक, रोजाना हजारों श्रद्धालु पहुंच रहे धामबदरीनाथ धाम: मानसून की बारिश का असर कम होते ही बदरीनाथ धाम में तीर्थयात्रियों की आवाजाही एक बार फिर बढ़ने लगी है। मौसम में सुधार के साथ दूसरे चरण की चारधाम यात्रा ने रफ्तार पकड़ ली है।
इन दिनों प्रतिदिन करीब चार से पांच हजार श्रद्धालु बदरीनाथ पहुंचकर भगवान बदरी विशाल के दर्शन कर रहे हैं।यात्रियों की बढ़ती संख्या से बदरीनाथ धाम के बाजारों, मंदिर मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में चहल-पहल बढ़ गई है। मंदिर परिसर से लेकर तप्तकुंड और ब्रह्मकपाल क्षेत्र तक श्रद्धालुओं की आवाजाही दिखाई दे रही है।
ब्रह्मकपाल में पिंडदान और तर्पण के लिए भी बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं।अब तक 17.70 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शनबदरीनाथ धाम में इस यात्रा सीजन में अब तक 17 लाख 70 हजार से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। मानसून के दौरान भी यात्रा पूरी तरह थमी नहीं और श्रद्धालुओं का आवागमन जारी रहा।
अब बारिश का दौर कमजोर पड़ने के बाद यात्रियों की संख्या में और बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने भी व्यवस्थाओं को लेकर सक्रियता बढ़ा दी है। वहीं बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) की ओर से भी मंदिर परिसर और श्रद्धालुओं से जुड़े इंतजामों को व्यवस्थित किया जा रहा है।
रिकॉर्ड संख्या की उम्मीदइस वर्ष बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की संख्या को लेकर नया रिकॉर्ड बनने की संभावना जताई जा रही है। आने वाले दिनों में मौसम अनुकूल रहने और यात्रा की यही रफ्तार बनी रहने पर दर्शन करने वाले यात्रियों का आंकड़ा और बढ़ सकता है।बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ ने बताया कि बदरीनाथ में यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाओं को लगातार बेहतर किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अब तक मंदिर समिति को करीब 40 करोड़ रुपये की आय प्राप्त हो चुकी है।



