
सनरूफ से बाहर निकलकर कार में स्टंट करना पड़ा भारी, क्लेमेनटाउन पुलिस ने युवक को पकड़ा
देहरादून: सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में कार की सनरूफ से बाहर निकलकर हुड़दंग करना और तेज गति से वाहन चलाना एक युवक को भारी पड़ गया। वीडियो सामने आने के बाद देहरादून पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की और वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो में एक युवक चलती स्कार्पियो एन की सनरूफ से बाहर निकलकर लापरवाही करता दिखाई दे रहा था। इस दौरान वाहन को तेज गति और असावधानी से चलाया जा रहा था, जिससे सड़क पर उसकी और अन्य लोगों की सुरक्षा को खतरा उत्पन्न हो सकता था।
मामले का संज्ञान लेते हुए एसएसपी देहरादून ने पुलिस अधिकारियों को वीडियो की जांच कर संबंधित युवक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। जांच के दौरान पुलिस ने वीडियो में दिखाई दे रहे वाहन की पहचान की। पता चला कि यह मामला क्लेमेनटाउन क्षेत्र के सुभाष रोड का है।
इसके बाद क्लेमेनटाउन पुलिस ने वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर चालक की पहचान की। पुलिस ने 24 वर्षीय उत्कर्ष पुत्र राकेश करनवाल, निवासी कैपिटल हाइट्स, आईटीबीपी रोड, जीएमएस रोड, देहरादून को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। युवक के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस ने वीडियो में इस्तेमाल की गई स्कार्पियो एन (UK07FX6050) को भी मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया है।
पुलिस की अपील: देहरादून पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और सड़क पर स्टंट या लापरवाहीपूर्ण ड्राइविंग से बचने की अपील की है। ऐसे कृत्य न केवल चालक बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों के लिए भी गंभीर खतरा पैदा कर सकते हैं।
अभियुक्त: उत्कर्ष पुत्र राकेश करनवाल, उम्र 24 वर्ष, निवासी कैपिटल हाइट्स, आईटीबीपी रोड, जीएमएस रोड, देहरादून।
सीज वाहन: स्कार्पियो एन, पंजीकरण संख्या UK07FX6050।



