Home / गढ़वाल न्यूज़ / युवा शक्ति को नशे से दूर रखने की मुहिम, पुलिस ने चलाया विशेष जनसंपर्क अभियान

युवा शक्ति को नशे से दूर रखने की मुहिम, पुलिस ने चलाया विशेष जनसंपर्क अभियान

उत्तरकाशी में अंतर्राष्ट्रीय नशा निषेध दिवस के अवसर पर पुलिस विभाग ने जिलेभर में विशेष जनजागरूकता अभियान चलाकर लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक किया। विभिन्न थाना और कोतवाली क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं, स्थानीय नागरिकों और तीर्थयात्रियों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग का संकल्प दिलाया गया।थाना मोरी क्षेत्र के किरौली तप्पड़ में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता के दौरान पुलिस अधिकारियों ने खिलाड़ियों और युवाओं से संवाद करते हुए उन्हें नशे से दूर रहने की सलाह दी। कार्यक्रम में स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित खेलकूद और व्यायाम को बढ़ावा देने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक संदेश फैलाने का आह्वान किया गया। इस दौरान प्रतिभागियों ने नशामुक्त जीवन जीने की शपथ भी ली।वहीं, कोतवाली उत्तरकाशी पुलिस ने विश्वनाथ मंदिर परिसर में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में मौजूद स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं को नशे की लत से होने वाले सामाजिक, मानसिक और आर्थिक नुकसान के बारे में जानकारी देते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण में भागीदारी निभाने का संदेश दिया गया।कोतवाली मनेरी पुलिस ने पर्यटक चौकी हिना में तीर्थयात्रियों के बीच जनसंपर्क अभियान चलाकर नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाई और उन्हें नशा उन्मूलन का संकल्प दिलाया। इसी क्रम में कोतवाली धरासू पुलिस द्वारा चिन्यालीसौड़ के पीपल मंडी क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में युवाओं और स्थानीय नागरिकों को नशे से होने वाले दुष्परिणामों से अवगत कराया गया। पुलिस ने लोगों को “नशे को छोड़ें, स्वस्थ और खुशहाल जीवन अपनाएं” का संदेश दिया।अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने एंटी ड्रग्स हेल्पलाइन और नशा उन्मूलन से संबंधित जानकारी वाले पंपलेट भी वितरित किए। साथ ही लोगों से अपील की गई कि वे स्वयं जागरूक बनें और अपने आसपास के लोगों को भी नशे के खिलाफ प्रेरित करें।उत्तरकाशी पुलिस ने अपने संदेश में कहा कि नशे से दूरी बनाकर ही सुरक्षित, स्वस्थ और बेहतर भविष्य का निर्माण किया जा सकता है। पुलिस ने सभी नागरिकों से नशामुक्त उत्तरकाशी और नशामुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *