Home / गढ़वाल न्यूज़ / उत्तराखंड पुलिस में पदोन्नति प्रक्रिया तेज, दो साल में 1640 कर्मियों को मिला लाभ

उत्तराखंड पुलिस में पदोन्नति प्रक्रिया तेज, दो साल में 1640 कर्मियों को मिला लाभ

देहरादून। उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय द्वारा पुलिस कर्मियों के मनोबल और कैरियर विकास को प्राथमिकता देते हुए पदोन्नति प्रक्रिया को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है। इसी कड़ी में नागरिक पुलिस और अभिसूचना शाखा के 15 उपनिरीक्षकों को पदोन्नत कर निरीक्षक बनाया गया है। विभागीय स्तर पर हुई इस कार्रवाई से पुलिस कर्मियों में उत्साह का माहौल है।राज्य सरकार के निर्देशन में पुलिस विभाग द्वारा लंबे समय से लंबित पदोन्नतियों को समयबद्ध तरीके से निपटाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार वर्ष 2025 और 2026 पदोन्नति के लिहाज से उत्तराखंड पुलिस के लिए महत्वपूर्ण साबित हुए हैं। बीते वर्ष जहां एक हजार से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ मिला, वहीं वर्ष 2026 में अब तक 580 पुलिसकर्मियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी जा चुकी हैं।पुलिस मुख्यालय के आंकड़ों के मुताबिक पिछले दो वर्षों में नागरिक पुलिस, अभिसूचना, सशस्त्र पुलिस, दूरसंचार तथा अग्निशमन सेवा समेत विभिन्न शाखाओं के कुल 1640 अधिकारियों और कर्मचारियों को पदोन्नत किया गया है। इससे न केवल विभागीय कार्यप्रणाली को मजबूती मिली है, बल्कि कर्मचारियों का मनोबल भी बढ़ा है।वर्ष 2026 में अब तक विभिन्न पदों पर बड़ी संख्या में पदोन्नतियां दी गई हैं। इनमें पुलिस उपाधीक्षक, निरीक्षक, उपनिरीक्षक, सहायक उपनिरीक्षक, अपर उपनिरीक्षक और मुख्य आरक्षी स्तर के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हैं।पुलिस महानिदेशक Deepam Seth ने सभी पदोन्नत अधिकारियों और कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समय पर मिलने वाली पदोन्नति कर्मचारियों को बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करती है। उन्होंने कहा कि इससे संगठन की कार्यक्षमता बढ़ती है और पुलिस बल में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।डीजीपी ने पदोन्नति प्रक्रिया को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने में सहयोग देने वाले कार्मिक अनुभाग और संबंधित विभागों की सराहना करते हुए कहा कि भविष्य में भी कर्मचारियों के हितों और कल्याण को प्राथमिकता दी जाती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *