Home / शिक्षा / उत्तराखंड बोर्ड रिजल्ट की तारीख तय, 25 अप्रैल को जारी होंगे 10वीं-12वीं के नतीजे

उत्तराखंड बोर्ड रिजल्ट की तारीख तय, 25 अप्रैल को जारी होंगे 10वीं-12वीं के नतीजे

रामनगर-

बोर्ड परीक्षा 2026 में शामिल हुए लाखों विद्यार्थियों का इंतजार अब जल्द खत्म होने वाला है। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद (UBSE) ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम जारी करने की तारीख घोषित कर दी है। कक्षा 10वीं और 12वीं का रिजल्ट 25 अप्रैल को सुबह 10 बजे घोषित किया जाएगा।जानकारी के अनुसार, परीक्षा परिणाम रामनगर स्थित बोर्ड सभागार में जारी किए जाएंगे। इस दौरान प्रदेश के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत और माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. मुकुल सती भी मौजूद रहेंगे।इस वर्ष बोर्ड परीक्षा प्रक्रिया में कई बदलाव देखने को मिले। पहली बार आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन माध्यम से संपन्न कराई गई, जिससे विद्यार्थियों को काफी सुविधा मिली। बोर्ड सचिव विनोद कुमार सिमल्टी ने बताया कि पूरी परीक्षा प्रक्रिया को समयबद्ध और सुव्यवस्थित ढंग से पूरा किया गया।आंकड़ों के अनुसार, इस बार हाईस्कूल में 1,12,266 और इंटरमीडिएट में 1,02,986 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी। कुल मिलाकर 2,15,252 परीक्षार्थी अपने परिणाम का इंतजार कर रहे हैं।प्रायोगिक परीक्षाएं 16 जनवरी से 15 फरवरी के बीच आयोजित की गईं, जबकि लिखित परीक्षाएं फरवरी के तीसरे सप्ताह से शुरू होकर 20 मार्च तक चलीं। सभी परीक्षाएं सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक एक ही पाली में संपन्न हुईं।परीक्षा के सफल संचालन के लिए पूरे प्रदेश में 1,261 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इनमें 50 एकल केंद्र और 1,211 मिश्रित केंद्र शामिल रहे। 156 केंद्रों को संवेदनशील और 6 केंद्रों को अति संवेदनशील श्रेणी में रखा गया। टिहरी गढ़वाल में सबसे अधिक 136 परीक्षा केंद्र बनाए गए, जबकि चंपावत जिले में सबसे कम 44 केंद्र रहे।इस बार विद्यार्थियों की सुविधा के लिए नई व्यवस्था भी लागू की गई है। सभी स्कूलों को अलग-अलग पोर्टल और पासवर्ड उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे छात्र अपने विद्यालय में ही आसानी से अपना परिणाम देख सकेंगे। इसके अलावा छात्र बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.ubse.uk.gov.in⁠� पर भी रिजल्ट चेक कर सकेंगे।अब प्रदेशभर के छात्र-छात्राओं और अभिभावकों की नजरें 25 अप्रैल पर टिकी हैं, जब लंबे इंतजार के बाद बोर्ड परीक्षा परिणाम सामने आएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *