भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने जूनियर इंजीनियर (JE) के पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। यह भर्ती सिविल और इलेक्ट्रिकल शाखाओं के उम्मीदवारों के लिए की जा रही है। इच्छुक उम्मीदवार RBI की आधिकारिक वेबसाइट opportunities.rbi.org.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया 16 अप्रैल 2026 से शुरू हो चुकी है और फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 6 मई 2026 निर्धारित की गई है। आवेदन करने से पहले उम्मीदवारों को चयन प्रक्रिया, योग्यता और वेतन से जुड़ी जानकारी जरूर देख लेनी चाहिए।
महत्वपूर्ण तिथियाँ
ऑनलाइन आवेदन शुरू: 16 अप्रैल 2026
आवेदन की अंतिम तिथि: 6 मई 2026
आवेदन शुल्क जमा करने की अवधि: 16 अप्रैल से 6 मई 2026
लिखित परीक्षा (संभावित): 6 जून 2026
शैक्षणिक योग्यता
सिविल शाखा के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से सिविल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा (कम से कम 65% अंक, आरक्षित वर्ग के लिए छूट) या डिग्री (55% अंक, आरक्षित वर्ग के लिए छूट) होनी चाहिए। डिप्लोमा धारकों के लिए 2 साल और डिग्री धारकों के लिए 1 साल का कार्य अनुभव जरूरी है।
इलेक्ट्रिकल शाखा के लिए इलेक्ट्रिकल या इलेक्ट्रिकल एवं इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में डिप्लोमा या डिग्री आवश्यक है, जिसमें समान प्रतिशत और अनुभव की शर्तें लागू होंगी।
रिक्त पद और आयु सीमा
इस भर्ती के तहत कुल 11 पद भरे जाएंगे। उम्मीदवारों की आयु 20 से 30 वर्ष के बीच होनी चाहिए। अभ्यर्थी की जन्मतिथि 2 अप्रैल 1996 से पहले और 1 अप्रैल 2006 के बाद नहीं होनी चाहिए।
वेतन
चयनित उम्मीदवारों को शुरुआती बेसिक वेतन 47,700 रुपये प्रतिमाह मिलेगा। भत्तों को मिलाकर कुल मासिक सैलरी लगभग 91,000 रुपये से अधिक हो सकती है।
चयन प्रक्रिया
उम्मीदवारों का चयन ऑनलाइन लिखित परीक्षा और भाषा प्रवीणता परीक्षा (LPT) के आधार पर किया जाएगा।
परीक्षा पैटर्न
लिखित परीक्षा कुल 300 अंकों की होगी, जिसमें लगभग 180 प्रश्न पूछे जाएंगे। इसमें अंग्रेजी भाषा, इंजीनियरिंग विषय (दो पेपर) और सामान्य बुद्धिमत्ता व तर्कशक्ति से जुड़े प्रश्न शामिल होंगे। परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को आगे भाषा प्रवीणता परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा।
आवेदन कैसे करें
आवेदन करने के लिए सबसे पहले RBI की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं और Junior Engineer (Civil/Electrical) भर्ती लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद IBPS पोर्टल खुलेगा, जहां नया रजिस्ट्रेशन करना होगा। रजिस्ट्रेशन के बाद उम्मीदवार को फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करने होंगे। फिर लॉगिन करके व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी भरें। सभी जरूरी दस्तावेज अपलोड करने के बाद आवेदन शुल्क का भुगतान करें और फॉर्म सबमिट कर दें।
आवेदन शुल्क
एससी/एसटी/पीडब्ल्यूबीडी/पूर्व सैनिक वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 50 रुपये है, जबकि सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए 450 रुपये निर्धारित किया गया है। शुल्क जमा किए बिना आवेदन प्रक्रिया पूरी नहीं मानी जाएगी।






