
देहरादून में भारत-नेपाल के वरिष्ठ अधिकारियों की अहम बैठक, सीमा सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर मंथनदेहरादून। भारत और नेपाल के बीच सीमा प्रबंधन और सुरक्षा से जुड़े विषयों पर महत्वपूर्ण चर्चा के लिए दोनों देशों के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक देहरादून में शुरू हो गई है। यह संयुक्त कार्य समूह की 14वीं बैठक है, जिसमें गृह और विदेश मंत्रालयों से जुड़े अधिकारी हिस्सा ले रहे हैं।दो दिवसीय बैठक के दौरान दोनों पक्षों के बीच खुली सीमा से जुड़े सुरक्षा पहलुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया जा रहा है। खास तौर पर सीमा पार होने वाले अपराध, अवैध घुसपैठ, तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के तरीकों को लेकर चर्चा हो रही है।बैठक में सीमा से जुड़े पुराने विवादों के समाधान के लिए ऐतिहासिक नक्शों और उपलब्ध दस्तावेजों के इस्तेमाल पर भी विचार किया जा रहा है। दोनों देशों के अधिकारी सीमा प्रबंधन को बेहतर बनाने और आपसी समन्वय मजबूत करने के संभावित उपायों पर भी चर्चा कर रहे हैं।इसके अलावा लिपुलेख दर्रे के जरिए भारत-चीन व्यापार को लेकर नेपाल की चिंताओं और उसके रुख पर भी बातचीत होने की जानकारी है। यह मुद्दा दोनों देशों के बीच सीमा एवं क्षेत्रीय हितों से जुड़े व्यापक विषयों के संदर्भ में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।बैठक का उद्देश्य भारत और नेपाल के बीच सीमा प्रबंधन से जुड़े तंत्र को अधिक प्रभावी बनाना तथा सुरक्षा संबंधी चुनौतियों से निपटने के लिए आपसी सहयोग और समन्वय को मजबूत करना है।



