भगवान बद्री विशाल के कपाट ग्रीष्मकाल के लिए विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए। शुभ मेष लग्न में सम्पन्न हुए इस पावन अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे और हजारों भक्तों के साथ इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बने।
कपाट खुलने के साथ ही पूरे बद्रीनाथ धाम में भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। मंदिर परिसर को इस बार बेहद खास अंदाज में सजाया गया, जहां करीब 24 कुंतल रंग-बिरंगे फूलों से भगवान बद्री विशाल का भव्य श्रृंगार किया गया। फूलों की खुशबू और सजावट की भव्यता ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।
इस बार सजावट में एक नई पहल भी देखने को मिली। पहली बार सिंहद्वार के पास फलों से सजावट की गई, जिसने पारंपरिक श्रृंगार में एक अलग और आकर्षक आयाम जोड़ दिया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के बद्रीनाथ पहुंचने पर साकेत चौराहे पर बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने पारंपरिक रीति से उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने मंदिर में पहुंचकर पूजा-अर्चना की और भगवान बद्री विशाल का आशीर्वाद लिया।





