Home / गढ़वाल न्यूज़ / उत्तरकाशी में पर्यावरण संदेश लेकर पहुंचे युवा साइकिलिस्टों का जोरदार स्वागत

उत्तरकाशी में पर्यावरण संदेश लेकर पहुंचे युवा साइकिलिस्टों का जोरदार स्वागत

उत्तरकाशी में हिमालय संरक्षण और पर्यावरण जागरूकता का संदेश फैलाने के उद्देश्य से निकले युवा साइकिलिस्टों का उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया। श्याम स्मृति वन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान हिमालय प्लांट बैंक से जुड़े लोगों ने इन युवाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया।

इस मौके पर श्याम स्मृति वन के अध्यक्ष और पर्यावरण प्रेमी प्रताप सिंह पोखरियाल ने कहा कि वर्तमान समय में इस तरह की पहल समाज के लिए बेहद प्रेरणादायक है। उन्होंने हिमालय की जैव विविधता, बुग्यालों के संरक्षण और स्वच्छ पर्यावरण के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि इसके लिए लोगों में जागरूकता बढ़ाना आवश्यक है। उन्होंने यह भी कहा कि युवाओं का समर्पण और साहस समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में अहम भूमिका निभा सकता है।

उन्होंने आगे कहा कि हिमालय, नदियों और बुग्यालों की सुरक्षा केवल प्राकृतिक संतुलन के लिए ही नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत को बचाने के लिए भी जरूरी है। इस तरह के अभियान आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने में सहायक होंगे।

देहरादून से शुरू हुई यह साइकिल यात्रा चारधाम—यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ—के मार्ग से गुजरते हुए लोगों को हिमालय संरक्षण, प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली, स्वच्छ नदियों और सांस्कृतिक धरोहर को बचाने का संदेश दे रही है।

कार्यक्रम में गंगा विश्व धरोहर मंच के संयोजक डॉ. शम्भू प्रसाद नौटियाल समेत कई अन्य लोग मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया और इस अभियान के प्रति अपना समर्थन जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *