Home / गढ़वाल न्यूज़ / उत्तरकाशी में शिक्षकों पर बड़ा एक्शन, लापरवाही और गबन पर निलंबन

उत्तरकाशी में शिक्षकों पर बड़ा एक्शन, लापरवाही और गबन पर निलंबन

उत्तरकाशी जिले में शिक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिला प्रशासन के निर्देशों के तहत विकासखंड मोरी के दूरदराज क्षेत्रों में जनसुनवाई और विद्यालयों का निरीक्षण किया गया, जिसमें कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।

निरीक्षण के दौरान राजकीय प्राथमिक विद्यालय, दौणी में तैनात प्रभारी प्रधानाध्यापक संतोष कुमार बिना किसी सूचना के अनुपस्थित पाए गए। इसी तरह राजकीय प्राथमिक विद्यालय, सट्टा (गोरी) में कार्यरत हरिचंद्र भी जनसुनवाई और विद्यालय से गायब मिले। जांच में यह भी सामने आया कि समग्र शिक्षा अभियान के तहत जारी धनराशि का सही उपयोग नहीं हुआ, जिससे वित्तीय अनियमितता की आशंका जताई गई। इस पर दोनों शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

एक अन्य मामले में, राजकीय प्राथमिक विद्यालय ठडियार में कार्यरत शिक्षामित्र संजय कुमार ने अवकाश का आवेदन देने के बाद भी निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं किया, जिस पर उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है।

वहीं, राजकीय इंटर कॉलेज दौणी में औचक निरीक्षण के दौरान शिक्षक जय सिंह कठैत अनुपस्थित पाए गए। स्थानीय लोगों और विद्यालय प्रशासन ने बताया कि उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वे कथित तौर पर नशे की हालत में नजर आए। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए उच्च अधिकारियों के निर्देश पर उनके निलंबन की कार्रवाई की गई।

इसके अलावा, विकासखंड भटवाड़ी कार्यालय में तैनात परिचारक पंकज कुमार की लगातार अनुपस्थिति की भी सूचना मिली है, जिस पर जल्द कार्रवाई की बात कही गई है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना अनुमति अनुपस्थित रहने, कर्तव्य में लापरवाही या किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी, जिसमें निलंबन, सेवा समाप्ति या अनिवार्य सेवानिवृत्ति जैसे कदम शामिल हो सकते हैं। साथ ही मई माह में लगातार निरीक्षण अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है, ताकि शिक्षा व्यवस्था में सुधार सुनिश्चित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *