Home / Uncategorized / गढ़वाल विवि छात्रसंघ चुनाव: बिड़ला कैंपस में आठ बजे से वोटिंग, दोपहर 2 बजे तक मौका

गढ़वाल विवि छात्रसंघ चुनाव: बिड़ला कैंपस में आठ बजे से वोटिंग, दोपहर 2 बजे तक मौका

श्रीनगर। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के बिड़ला परिसर में छात्रसंघ चुनाव को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 11 सितंबर को होने वाले मतदान को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन और निर्वाचन समिति ने व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया है। मतदान सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक कराया जाएगा।

मतदान प्रक्रिया को सुचारु बनाने के लिए निर्वाचन समिति ने पीठासीन अधिकारियों के साथ बैठक कर उन्हें चुनाव संबंधी जरूरी दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों को मतदान शुरू होने से पहले अपने-अपने केंद्रों पर पहुंचकर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

निर्वाचन समिति की सदस्य प्रो. सीमा धवन ने बताया कि मतदान केंद्रों पर चुनाव सामग्री समय से उपलब्ध रहेगी। मतपेटियों की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। प्रत्येक बूथ से सुबह 10 बजे तक हुए मतदान का विवरण चुनाव समिति को भेजना होगा। मतपत्रों को निर्धारित तरीके से मोड़कर मतदाताओं को उपलब्ध कराने के लिए बूथों पर अलग से अधिकारी की जिम्मेदारी तय की गई है।

कतार में मौजूद छात्रों को मिलेगा मतदान का अवसर

मुख्य छात्र सलाहकार प्रो. एमएम सेमवाल ने स्पष्ट किया कि मतदान समाप्त होने के समय यदि कोई छात्र मतदान केंद्र की कतार में मौजूद रहता है तो उसे वोट डालने का अवसर दिया जाएगा। छात्रा प्रतिनिधि पद के लिए परिसर के सभी पात्र छात्र-छात्राएं मतदान कर सकेंगे।

मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद मतपेटियों को नियमानुसार सील कर सुरक्षित रूप से जमा कराया जाएगा। वहीं मतगणना केंद्र में अधिकारियों और कर्मचारियों के मोबाइल फोन ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा।

मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. एमसी सती ने सभी अधिकारियों से चुनावी जिम्मेदारियों को निष्पक्षता और गंभीरता से निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि छह पदों के लिए होने वाले चुनाव को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना समिति की प्राथमिकता है।

सीसीटीवी से होगी मतदान केंद्रों की निगरानी

मुख्य नियंता प्रो. दीपक कुमार के अनुसार, सभी मतदान केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों के माध्यम से मतदान प्रक्रिया पर लगातार नजर रखी जाएगी। मतदान केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं होगी। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जरूरत पड़ने पर पुलिस प्रशासन की मदद भी ली जाएगी।

चुनाव की निगरानी के लिए एनआईटी उत्तराखंड के डॉ. कुलदीप सिंह को पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। बैठक के दौरान परिसर निदेशक प्रो. एचबीएस चौहान समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

प्रत्याशियों ने तेज किया जनसंपर्क अभियान

चुनाव की तारीख नजदीक आते ही बिड़ला परिसर में छात्र राजनीति भी सक्रिय हो गई है। अलग-अलग छात्र संगठनों के प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ छात्रों के बीच पहुंचकर प्रचार और जनसंपर्क कर रहे हैं। परिसर में बैठकों, रैलियों और व्यक्तिगत संपर्क के जरिए प्रत्याशी अपने पक्ष में माहौल बनाने में जुटे हैं।

अध्यक्ष पद के लिए एबीवीपी के भुवन चमोली और जय हो छात्र संगठन के हिमांशु भंडारी के बीच मुकाबला है। सचिव पद पर एनएसयूआई के मयंक बहुगुणा और आर्यन छात्र संगठन के पंकज फरस्वाण मैदान में हैं।

उपाध्यक्ष पद पर आइसा की प्रीति वर्मा और छात्रम के पुलकित अग्रवाल के बीच चुनावी मुकाबला है। इसके अलावा सहसचिव, छात्रा प्रतिनिधि और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पदों के उम्मीदवार भी लगातार छात्रों से संपर्क कर समर्थन मांग रहे हैं।

मतदान का दिन करीब आने के साथ परिसर में चुनावी गतिविधियां बढ़ गई हैं और प्रत्याशियों के बीच मुकाबला भी दिलचस्प होता जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *