
चमोली के रामणी गांव में किशोर-किशोरी की मौत से सनसनी, मेला स्थल पर मिले शवचमोली। नंदानगर विकासखंड के रामणी गांव में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब मेला मंच के पीछे रेलिंग के पास एक किशोर और किशोरी के शव मिले। घटना की जानकारी सामने आते ही गांव में शोक का माहौल छा गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट के अनुसार, दोनों के शव मेला मंच के पीछे रेलिंग से लटके मिले। शुरुआती जांच में उनके शरीर पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। पुलिस फिलहाल घटना को प्रथमदृष्टया आत्महत्या से जोड़कर देख रही है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।रात में घर से निकले, परिजनों को नहीं लगी भनकजानकारी के मुताबिक, दोनों किशोर-किशोरी ने सोमवार रात अपने-अपने घर में खाना खाया और इसके बाद अपने कमरों में चले गए थे। इसके बाद वे कब घर से बाहर निकले और मेला स्थल तक कैसे पहुंचे, इसकी जानकारी परिजनों को नहीं हो पाई।बताया गया है कि दोनों के घरों के बीच लगभग 500 मीटर की दूरी है।
किशोरी कक्षा 11वीं में पढ़ती थी, जबकि किशोर 12वीं का छात्र था।सुबह सामने आई घटनामंगलवार सुबह गांव का एक व्यक्ति पर्यटक का सामान लेकर जा रहा था। इसी दौरान उसकी नजर मेला मंच के पीछे रेलिंग पर पड़ी, जहां दोनों के शव दिखाई दिए। उसने इसकी सूचना ग्रामीणों और पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने घटनास्थल से दोनों के मोबाइल फोन बरामद किए हैं। अब मोबाइल में हुई बातचीत और चैटिंग के साथ-साथ कॉल डिटेल की भी जांच की जा रही है, ताकि घटना से जुड़े परिस्थितिजन्य तथ्यों का पता लगाया जा सके।पुलिस के मुताबिक, दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।



