
मसूरी मार्ग पर खाई में मिला देहरादून के व्यापारी का शव, कार ने खड़े किए सवालदेहरादून। देहरादून-मसूरी मार्ग पर पानीवाला बैंड के समीप मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब सड़क से करीब 200 मीटर नीचे गहरी खाई में एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ। घटनास्थल के पास सड़क पर एक कार भी खड़ी मिली, जिसके क्षतिग्रस्त हिस्से को लेकर पुलिस जांच में जुट गई है।सुबह करीब 8:30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि पानीवाला बैंड के पास सड़क के किनारे एक कार खड़ी है और नीचे खाई में एक व्यक्ति पड़ा हुआ दिखाई दे रहा है। सूचना मिलते ही कोल्हूखेत चौकी प्रभारी पंकज महिपाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।खाई की गहराई अधिक होने के कारण पुलिस ने एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीम को भी मौके पर बुलाया। इसके बाद दोनों टीमों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। कई प्रयासों के बाद शव को खाई से बाहर निकाला गया। शव सड़क से लगभग 200 मीटर नीचे नदी के पास मिला था।पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अजय कुमार कोहली पुत्र देवेंद्र कुमार कोहली, निवासी क्रॉस रोड, देहरादून के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलने पर मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे।परिजनों ने पुलिस को बताया कि अजय कुमार मंगलवार सुबह करीब सात बजे घर से मसूरी जाने के लिए निकले थे। वह देहरादून में व्यापार करते थे। कुछ ही देर बाद उनका शव खाई में मिलने की सूचना सामने आई।जांच के दौरान पुलिस को सड़क पर खड़ी कार के अंदर से एक पर्स, मोबाइल फोन और शराब की आधी बोतल मिली। फिलहाल पुलिस इन सभी बिंदुओं को जांच का हिस्सा मानकर घटना की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है।मौके पर फील्ड यूनिट और एंबुलेंस की टीम भी मौजूद रही। एसएसआई सतेंद्र भाटी के मुताबिक शव को खाई से निकालने के बाद पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। घटना कैसे हुई और अजय कुमार खाई तक किन परिस्थितियों में पहुंचे, इसकी जांच की जा रही है।पुलिस का कहना है कि जांच के तथ्यों के आधार पर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



