चम्पावत जिले के बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से 16 मई 2026 को रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह मेला जिला सेवायोजन कार्यालय परिसर में आयोजित होगा, जहां बड़ी संख्या में युवाओं को नौकरी पाने का अवसर मिलेगा।
जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशन में आयोजित इस रोजगार मेले में क्वैस कॉर्प लिमिटेड के माध्यम से Tata Motors के लिए भर्ती प्रक्रिया संचालित की जाएगी। कंपनी के एचआर प्रतिनिधि मौके पर मौजूद रहेंगे और लिखित परीक्षा व साक्षात्कार के आधार पर अभ्यर्थियों का चयन करेंगे।
भर्ती अभियान के तहत कुल 900 रिक्त पदों को भरा जाएगा। चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति टाटा मोटर्स के पंतनगर स्थित प्लांट में की जाएगी। इंटरमीडिएट, आईटीआई, स्नातक और समकक्ष योग्यता रखने वाले युवा इस भर्ती प्रक्रिया में हिस्सा ले सकते हैं।
अभ्यर्थियों की आयु 18 से 25 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है। चयनित युवाओं को प्रतिमाह 16,250 रुपये वेतन दिया जाएगा।
रोजगार मेले में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपने शैक्षणिक प्रमाण पत्रों की प्रतियां, बायोडाटा और दो पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाने होंगे। सभी अभ्यर्थियों को 16 मई की सुबह 9:30 बजे तक स्थल पर पहुंचना अनिवार्य होगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रतिभागियों को यात्रा भत्ता नहीं दिया जाएगा।
रोजगार मेले में भाग लेने के लिए नेशनल करियर सर्विस पोर्टल पर पंजीकरण जरूरी रखा गया है। अभ्यर्थी अधिक जानकारी के लिए NCS पोर्टल पर विजिट कर सकते हैं या जिला सेवायोजन कार्यालय चम्पावत के दूरभाष नंबर 05965-297303 तथा मोबाइल नंबर 7830860575 और 9411132677 पर संपर्क कर सकते हैं।





