
देहरादून में जिला योजना समिति गठन की प्रक्रिया तेज, 4 जुलाई तक मांगे गए सुझाव और आपत्तियांदेहरादून। जनपद देहरादून में जिला योजना समिति के गठन को लेकर प्रशासन ने प्रक्रिया शुरू कर दी है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों के अनंतिम परिसीमन का प्रकाशन करते हुए नागरिकों से 4 जुलाई, 2026 तक आपत्तियां और सुझाव देने का आग्रह किया है।जिला पंचायत राज अधिकारी मनोज नोडियाल के अनुसार, नवीनतम परिसीमन के आधार पर जिले की ग्रामीण आबादी 5,48,851 निर्धारित की गई है। इस जनसंख्या के अनुरूप जिला पंचायत में 30 निर्वाचित सदस्य होंगे। इनमें से 10 सदस्य अपने बीच से जिला योजना समिति के लिए चुने जाएंगे।वहीं, नगर निकाय क्षेत्रों की कुल जनसंख्या 10,49,328 आंकी गई है। इसके आधार पर जिले के सात नगर निकायों में कुल 202 निर्वाचित प्रतिनिधि होंगे, जिनमें से 20 सदस्यों का चयन जिला योजना समिति के लिए किया जाएगा।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी नागरिक को अनंतिम परिसीमन के संबंध में कोई आपत्ति या सुझाव देना है, तो वह निर्धारित तिथि तक अपनी लिखित आपत्ति जिलाधिकारी कार्यालय, मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय या जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय में जमा कर सकता है।निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 2 जुलाई से आपत्तियां आमंत्रित करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जबकि 4 जुलाई तक आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। प्राप्त आपत्तियों की सुनवाई 6 जुलाई को होगी। इसके बाद 8 जुलाई को रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। शासन स्तर पर 10 जुलाई को अंतिम परिसीमन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी और 13 जुलाई, 2026 को अंतिम सूची का आधिकारिक प्रकाशन किया जाएगा।



