
गरमपानी। त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने जांच अभियान तेज कर दिया है। विभागीय टीम ने बेतालघाट बाजार में अचानक निरीक्षण कर रेस्टोरेंट, किराना दुकानों, मिठाई की दुकानों के साथ फल-सब्जी विक्रेताओं समेत एक दर्जन से अधिक प्रतिष्ठानों की जांच की।
अचानक हुई इस कार्रवाई से बाजार में कुछ समय के लिए हलचल का माहौल रहा। जांच के दौरान जहां एक ओर संदिग्ध खाद्य सामग्री के नमूने लिए गए, वहीं एक्सपायरी हो चुकी सामग्री को मौके पर ही नष्ट कराया गया।
गाय के घी का सैंपल जांच के लिए भेजा
अधिकारियों ने गुणवत्ता को लेकर संदेह होने पर एक प्रतिष्ठान से गाय के घी का नमूना लिया। सैंपल को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, एक प्रतिष्ठान में प्रयोग तिथि समाप्त होने के बाद भी रखी गई खाद्य सामग्री मिली। टीम ने उसे मौके पर नष्ट करवाया और संचालक को भविष्य में ऐसी सामग्री का भंडारण या बिक्री नहीं करने की सख्त हिदायत दी।
तीन प्रतिष्ठानों को नोटिस
निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों का पालन नहीं करने वाले तीन प्रतिष्ठानों को ऑनलाइन नोटिस जारी किए गए हैं। संबंधित संचालकों को 15 दिन के भीतर कमियां दूर कर अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
निर्धारित अवधि में सुधार नहीं किए जाने पर न्यायालय में चालान की कार्रवाई की जाएगी। संबंधित प्रावधान के तहत धारा 55 में दो लाख रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है।
इसके अलावा एक मिठाई विक्रेता लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। उसे दस्तावेज उपलब्ध कराने के लिए एक सप्ताह का समय दिया गया है। समय सीमा में अनुपालन नहीं होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
दुकानदारों को दिए गए जरूरी निर्देश
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी असलम खान ने बताया कि आगामी त्योहारों को देखते हुए विभाग ने अभी से निगरानी बढ़ा दी है। कारोबारियों को खाद्य सामग्री की गुणवत्ता बनाए रखने के साथ खरीद-बिक्री से जुड़े रिकॉर्ड व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए हैं।
अधिकारियों ने बिना बिल के खाद्य सामग्री खरीदने से बचने, स्टॉक का पूरा विवरण रखने, कालातीत उत्पादों को बिक्री या भंडारण से दूर रखने और प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने को कहा। साथ ही आवश्यकतानुसार स्वच्छता और कीट नियंत्रण के उपाय करने की भी हिदायत दी गई।
कैंची धाम क्षेत्र में भी हुई जांच
बेतालघाट के साथ कैंची धाम तहसील क्षेत्र में भी प्रशासन ने निरीक्षण अभियान चलाया। तहसीलदार भुवन चंद्र भंडारी के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, जिला पर्यटन, आपूर्ति और विद्युत विभाग की संयुक्त टीम ने शिकायत के आधार पर एक होम स्टे का निरीक्षण किया।
जांच में सामने आई कमियों को निर्धारित नियमों के अनुसार दूर करने के निर्देश संचालक को दिए गए।
व्यावसायिक गैस सिलेंडर इस्तेमाल करने की हिदायत
जिला पूर्ति अधिकारी मनोज बर्मन ने भी क्षेत्र के कई प्रतिष्ठानों में इस्तेमाल हो रहे रसोई गैस सिलेंडरों की जांच की। होटल और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के संचालकों को घरेलू सिलेंडर की जगह निर्धारित व्यावसायिक गैस सिलेंडर का इस्तेमाल करने के निर्देश दिए गए।
संयुक्त कार्रवाई के दौरान राजस्व निरीक्षक नरेश असवाल, पूर्ति निरीक्षक अनिता पंत, अवर अभियंता गजेंद्र बिष्ट, रवि पांडे समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान मिलावटी, एक्सपायरी या मानकों के विपरीत खाद्य सामग्री की बिक्री रोकने के लिए ऐसे निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे।



