Home / गढ़वाल न्यूज़ / यमुनोत्री धाम में जगदीप धनखड़ ने किए दर्शन, पत्नी ने मां यमुना की विधि-विधान से पूजा की

यमुनोत्री धाम में जगदीप धनखड़ ने किए दर्शन, पत्नी ने मां यमुना की विधि-विधान से पूजा की

उत्तरकाशी। चारधाम यात्रा पर पहुंचे पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और उनकी पत्नी डॉ. सुदेश धनखड़ ने बुधवार को यमुनोत्री धाम पहुंचकर मां यमुना के दर्शन किए। रिमझिम बारिश के बीच डॉ. सुदेश धनखड़ जानकीचट्टी से यमुनोत्री धाम पहुंचीं और मंदिर में विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की।

धाम पहुंचने के बाद उन्होंने सबसे पहले पवित्र दिव्य शिला का पूजन किया। इसके बाद यमुना मंदिर में पूजा कर मां यमुना का आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने देश और उत्तराखंड की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।

पूजा-अर्चना पूरी करने के बाद डॉ. सुदेश धनखड़ वापस जानकीचट्टी लौट गईं, जहां उन्होंने रात्रि विश्राम किया।

श्रद्धालुओं में दिखा उत्साह

पूर्व उपराष्ट्रपति की पत्नी के यमुनोत्री पहुंचने की खबर मिलते ही मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं और यात्रियों में उत्सुकता दिखाई दी। कई तीर्थयात्रियों ने उन्हें देखा और उनके धाम आगमन को लेकर आपस में चर्चा करते नजर आए।

इससे पहले बुधवार को जानकीचट्टी पहुंचने पर तीर्थपुरोहितों और पुलिस-प्रशासन की ओर से जगदीप धनखड़ और डॉ. सुदेश धनखड़ का स्वागत किया गया। इस दौरान उन्हें स्मृति चिह्न भी भेंट किए गए।

चारधाम यात्रा के दौरान यमुनोत्री धाम में दर्शन-पूजन के बाद डॉ. सुदेश धनखड़ वापस जानकीचट्टी पहुंचीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *