Home / देहरादून समाचार / दून पुलिस ने प्रशिक्षुओं को दिया साइबर सुरक्षा का पाठ, ऑनलाइन ठगी से बचने के बताए तरीके

दून पुलिस ने प्रशिक्षुओं को दिया साइबर सुरक्षा का पाठ, ऑनलाइन ठगी से बचने के बताए तरीके

देहरादून। बढ़ते साइबर अपराधों के बीच लोगों को ऑनलाइन ठगी के तरीकों और उनसे बचाव के प्रति जागरूक करने के लिए देहरादून पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में सोमवार को साइबर सेल की टीम ने सुद्धोवाला स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय वित्तीय प्रशासन, प्रशिक्षण एवं शोध संस्थान में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।

कार्यक्रम में राज्य लोक सेवा आयोग के प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षुओं को साइबर अपराधों के विभिन्न स्वरूपों की जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने बताया कि साइबर ठग लोगों को अलग-अलग तरीकों से अपने जाल में फंसाकर उनकी आर्थिक और निजी जानकारी हासिल करने का प्रयास करते हैं।

प्रशिक्षुओं को विशेष रूप से बैंकिंग से जुड़ी संवेदनशील जानकारी सुरक्षित रखने की सलाह दी गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, एटीएम पिन, बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी या क्यूआर कोड साझा नहीं करना चाहिए।

सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते समय भी सतर्क रहने पर जोर दिया गया। पुलिस टीम ने अनजान लिंक, संदिग्ध संदेश और संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधियों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी।

जागरूकता सत्र के दौरान प्रशिक्षुओं ने साइबर अपराधों से जुड़े कई सवाल पुलिस अधिकारियों के सामने रखे। अधिकारियों ने सवालों के जवाब देते हुए साइबर ठगी से बचने के व्यावहारिक तरीके बताए और विभिन्न भ्रांतियों को दूर किया।

पुलिस ने यह भी बताया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी हो जाती है तो मामले की जानकारी बिना देरी किए पुलिस को देनी चाहिए। समय पर शिकायत मिलने से ठगी की रकम को रोकने और आगे की कार्रवाई में मदद मिल सकती है।

कार्यक्रम के अंत में प्रशिक्षुओं ने साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए पुलिस की ओर से किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *