Home / Uncategorized / चारधाम यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब, गंगोत्री में श्रद्धालुओं की संख्या 7.84 लाख के पार; यमुनोत्री-बदरीनाथ में भी नए रिकॉर्ड की तैयारी

चारधाम यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब, गंगोत्री में श्रद्धालुओं की संख्या 7.84 लाख के पार; यमुनोत्री-बदरीनाथ में भी नए रिकॉर्ड की तैयारी

उत्तराखंड। प्रदेश में चल रही चारधाम यात्रा इस बार श्रद्धालुओं की रिकॉर्ड आमद के साथ लगातार नए आंकड़े स्थापित कर रही है। गंगोत्री धाम में पहली बार दर्शन करने वाले यात्रियों की संख्या 7.84 लाख से अधिक हो गई है। वहीं, यमुनोत्री धाम भी सात लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं की मेजबानी कर चुका है। बदरीनाथ धाम और श्री हेमकुंट साहिब में भी तीर्थयात्रियों की संख्या पिछले वर्षों के मुकाबले काफी अधिक दर्ज की गई है।

12 सितंबर तक उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, मौजूदा यात्रा सीजन के 147 दिनों में चारधाम के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की कुल संख्या 50,28,497 पहुंच गई है। पिछले साल इसी अवधि में यह आंकड़ा 45,09,324 था। यानी इस वर्ष अब तक 5,19,173 अधिक श्रद्धालु चारधाम यात्रा कर चुके हैं। यात्रा सीजन में अभी करीब दो महीने का समय शेष है, ऐसे में श्रद्धालुओं की संख्या में और इजाफा होने की संभावना जताई जा रही है।

गंगोत्री में टूटा अब तक का रिकॉर्ड

गंगोत्री धाम में इस वर्ष तीर्थयात्रियों की संख्या ने नया कीर्तिमान बनाया है। 12 सितंबर तक 7,84,321 श्रद्धालु मां गंगा के दर्शन कर चुके हैं। इससे पहले 2022, 2023 और 2025 में यहां सात लाख से अधिक यात्रियों की संख्या दर्ज हुई थी।

आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2022 में 7,81,961, वर्ष 2023 में 7,12,749 और वर्ष 2025 में 7,58,249 श्रद्धालु गंगोत्री पहुंचे थे। इस लिहाज से मौजूदा यात्रा सीजन ने पिछले सभी आंकड़ों को पीछे छोड़ दिया है।

यमुनोत्री में भी सात लाख का आंकड़ा पार

यमुनोत्री धाम में भी इस बार श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। अब तक 7,03,302 तीर्थयात्री मां यमुना के दर्शन कर चुके हैं। जबकि वर्ष 2025 में यमुनोत्री में सर्वाधिक 6,44,637 श्रद्धालु पहुंचे थे। मौजूदा आंकड़ा पिछले साल के रिकॉर्ड से भी आगे निकल चुका है।

बदरीनाथ में भी बढ़ रहा यात्रियों का ग्राफ

बदरीनाथ धाम की यात्रा भी इस वर्ष नए रिकॉर्ड की ओर बढ़ रही है। 23 अप्रैल से शुरू हुई यात्रा ने 12 सितंबर को 143 दिन पूरे किए। इस अवधि में 17,28,578 श्रद्धालु भगवान बदरीविशाल के दर्शन कर चुके हैं।

पिछले वर्ष इसी अवधि में बदरीनाथ पहुंचने वाले यात्रियों की संख्या 13,82,845 थी। इस वर्ष अब तक 3,45,733 अधिक श्रद्धालु धाम पहुंच चुके हैं।

हेमकुंट साहिब में भी श्रद्धालुओं का उत्साह

श्री हेमकुंट साहिब की यात्रा को लेकर भी इस बार श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। यहां अब तक 3,19,135 श्रद्धालु मत्था टेक चुके हैं। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, पिछले कई वर्षों की तुलना में इस बार यहां भी तीर्थयात्रियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर प्रशासन की नजर

राज्य सरकार के मुताबिक चारधाम यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संचालित करने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर यात्रा मार्गों और संबंधित व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन को सतर्क रखा गया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यात्रा से जुड़े रुद्रप्रयाग, चमोली और उत्तरकाशी जिलों में आपदा प्रबंधन तंत्र को चौबीसों घंटे अलर्ट मोड पर रखा गया है।

यात्रा का पहला चरण सफलतापूर्वक पूरा होने के बाद अब दूसरे चरण में भी बड़ी संख्या में तीर्थयात्रियों के पहुंचने की उम्मीद है। इसे देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षित आवागमन, सुचारु व्यवस्थाओं और आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां जारी रखी गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *